जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र रावत बताते हैं कि सर्द मौसम में शरीर का रक्त प्रवाह सामान्य से धीमा हो जाता है. इस वजह से टिशू तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व पूरे रूप में नहीं पहुंच पाते, और यही कारण है कि ठंड बढ़ते ही जोड़ों, घुटनों, कमर और मांसपेशियों में दर्द बढ़ जाता है. कई मरीज ऐसे भी हैं जिनमें अकड़न के कारण सुबह उठते ही चलना मुश्किल हो जाता है.
रोजाना पहुंच रहे मरीज
डॉ. रावत बताते हैं कि अस्पताल में रोजाना 60 से 70 ऑर्थो मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें से 20 से 30 मरीज गठिया से संबंधित दर्द की शिकायत लेकर आते हैं. यह संख्या हर गुजरते दिन के साथ बढ़ती जा रही है. उनका कहना है कि दिसंबर और जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ने पर यह संख्या और अधिक बढ़ने की पूरी संभावना है. अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों में ज्यादातर ऐसे हैं जिन्हें कमर, घुटने, पीठ और कंधों में तेज दर्द होता है. कई बुजुर्ग मरीजों में ठंड बढ़ते ही पुराने फ्रैक्चर का दर्द भी उभर आता है. वहीं, जिन लोगों को पहले से गठिया, ऑस्टियोपोरोसिस या मांसपेशियों की समस्या है, उनमें ठंड का असर कहीं ज्यादा दिखाई देता है.
डॉक्टरों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड के कारण लोग सुबह बाहर निकलने से बचते हैं, जिससे शारीरिक गतिविधि कम हो जाती है. इससे मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं और जोड़ों पर दबाव बढ़ता है. ऐसे में मरीजों को दिक्कतें और बढ़ जाती हैं. डॉ. रावत आगे बताते हैं कि ठंड के दिनों में ऑर्थो मरीजों को खास सावधानी बरतनी चाहिए. सबसे पहले ठंड से बचना जरूरी है. शरीर को गर्म रखें, खासकर घुटनों और कमर को अच्छे ऊनी कपड़ों से ढकें. धूप सेंकना बहुत फायदेमंद रहता है, क्योंकि इससे शरीर में विटामिन D बनता है, जो हड्डियों को मजबूत रखने में मदद करता है. हल्की-फुल्की एक्सरसाइज भी जरूरी है, ताकि शरीर में रक्त प्रवाह सामान्य बना रहे.
यह भी पढ़ें: दादा जी हो नाना जी..! सर्दियों में रखें इनका खास ख्याल, हेल्दी भोजन और धूप के साथ जरूर अपनाएं ये खास टिप्स
नैनीतालवासियों को रहना होगा सजग
इसके अलावा डॉक्टर रावत ने सलाह दी है कि सुबह-सुबह टहलने से बचें, क्योंकि इस समय तापमान सबसे कम होता है. ऐसे मरीजों को गुनगुने पानी से स्नान, गर्म पानी की सिकाई और संतुलित, पौष्टिक भोजन लेने की भी सलाह दी जाती है ताकि शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिल सकें. ठंड अभी और बढ़नी है, ऐसे में नैनीताल के लोगों को अपनी सेहत के प्रति सजग रहना होगा. समय रहते सावधानी बरती जाए तो ऑर्थो संबंधी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.