Nainital News: सरोवर नगरी नैनीताल में बीते दिनों जिला कोर्ट और हाईकोर्ट को बम की धमकी मिलने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस और एजेंसियां भले ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दावा कर रही हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों ने पर्यटकों के मन में डर पैदा कर दिया है. इसका सीधा असर शहर के होटल कारोबार पर पड़ रहा है और कई सैलानियों ने अपनी बुकिंग रद्द कर दी है. आखिर सुरक्षा के बीच पर्यटन व्यवसाय के सामने क्या चुनौतियां आ रही हैं और होटल एसोसिएशन ने प्रशासन से क्या गुहार लगाई है. आइए जानते हैं.
दरअसल, कुछ दिन पहले नैनीताल की जिला अदालत और हाईकोर्ट को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. मामला सामने आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं. न्यायालय परिसरों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई, तलाशी अभियान चलाया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. हालांकि अब तक धमकी देने वाले की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे स्थानीय कारोबारियों की चिंता और बढ़ गई है.
इस तरह की घटनाएं पर्यटन के लिए खतरा
धमकी की खबर स्थानीय स्तर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक चर्चा का विषय बन गई. सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट और मैसेज वायरल होने लगे, जिनमें सुरक्षा को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. इसका सीधा असर नैनीताल के पर्यटन पर पड़ा है. कई राज्यों से नैनीताल आने वाले सैलानियों ने अपनी यात्रा टाल दी या होटल बुकिंग रद्द कर दी. नैनीताल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि बम मिलने की घटना के बाद से पर्यटन कारोबार काफी प्रभावित हुआ है. लगातार पर्यटकों के फोन आ रहे हैं. लोग सबसे पहले यही पूछते हैं कि नैनीताल सुरक्षित है या नहीं.
सीजन शुरू होने से पहले ऐसी खबरों का फैलना कारोबार के लिए बेहद नुकसानदेह है. उन्होंने कहा कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो इसका दूरगामी असर देखने को मिल सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है ताकि लोगों के मन से भय दूर हो सके. घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद जब आरोपी पकड़ा नहीं जाता तो समाज में गलत संदेश जाता है. इससे पर्यटक असुरक्षित महसूस करते हैं और यात्रा स्थगित कर देते हैं.
शहर पूरी तरह है सुरक्षित
पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं अधिकारियों के अनुसार ई-मेल की तकनीकी जांच कराई जा रही है और स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन का कहना है कि शहर पूरी तरह सुरक्षित है और पर्यटकों को घबराने की जरूरत नहीं है. बावजूद इसके कारोबारियों की मांग है कि मामले का जल्द खुलासा कर स्पष्ट संदेश दिया जाए, ताकि नैनीताल की पर्यटन छवि प्रभावित न हो.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.