नैनीताल में गुरुवार को मौसम के बदले मिजाज ने एक बार फिर कड़ाके की ठंड का अहसास करा दिया है. बीते कुछ दिनों से खिल रही धूप के बाद आज तड़के हुई बूंदाबांदी और सर्द हवाओं ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है. अधिकतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे पूरे कंपकंपी बढ़ गई है. मौसम के इस अचानक बदलाव ने जागने स्थानीय लोगों को दोबारा गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है, वहीं पर्यटन कारोबार पर भी इसका असर दिख रहा है. हालांकि, शहर में मौजूद सैलानी अब भी इस उम्मीद में हैं कि शायद यह बारिश बर्फबारी में बदल जाए.
बीते कुछ दिनों से शहर में हल्की गर्माहट महसूस की जा रही थी और धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ था. लेकिन गुरुवार को हुई बारिश ने एक बार फिर सर्दी की याद दिला दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि मौसम में इस तरह का अचानक बदलाव फरवरी के अंतिम दिनों में कम ही देखने को मिलता है.
बारिश ने बढ़ाई नैनीताल में ठंड
स्थानीय निवासी राहुल आर्या ने बताया कि आज सुबह से ही हल्की बारिश हो रही थी. उसके बाद मौसम में ठंडक काफी बढ़ गई है. पिछले कुछ दिनों में मौसम थोड़ा गर्म था, लेकिन आज अचानक बदलाव देखने को मिला. सुबह और शाम के समय सर्दी ज्यादा लग रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल शहर में पर्यटकों की संख्या कम है और बाजारों में भी रौनक घट गई है. वहीं नैनीताल में पर्यटन से जुड़े व्यापारी भी मौसम के इस बदलाव को लेकर चिंतित नजर आए. उनका कहना है कि ठंड और बादलों के कारण सैलानियों की आवाजाही कम हुई है. हालांकि सभी को उम्मीद है कि अगर आने वाले दिनों में बर्फबारी होती है तो पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार मिल सकती है.
बर्फबारी की संभावना कम
नैनीताल के स्थानीय निवासी शादाब ने बताया कि मौसम विभाग ने 17 से 19 फरवरी के बीच मौसम खराब रहने की चेतावनी दी थी. हालांकि 17 और 18 फरवरी को मौसम सामान्य रहा, लेकिन 19 फरवरी को बारिश के साथ ठंड बढ़ गई. सुबह से ही बादल छाए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल बर्फबारी की संभावना कम लग रही है. आमतौर पर 15 फरवरी तक बर्फबारी का इंतजार किया जाता है, उसके बाद मौसम सामान्य होने लगता है. बावजूद इसके, जो पर्यटक इन दिनों नैनीताल पहुंचे हैं, वे बर्फबारी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.
पर्यटकों की उमड़ी भीड़
शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिल रही है. मॉल रोड पर सन्नाटा पसरा रहा और झील किनारे चहल-पहल भी काफी कम है. ठंड बढ़ने के कारण लोग जल्दी अपने घरों और होटलों में लौट रहे हैं. फिलहाल नैनीताल में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल चुका है. बादलों की ओट में ढकी पहाड़ियां और ठंडी हवाएं शहर को एक बार फिर सर्दियों के एहसास से भर रही हैं.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.