Nainital Weather News: नैनीताल में बीती रविवार की रात कुदरत के कहर ने सबको सहमा दिया. अचानक आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. शहर के वीआईपी इलाकों से लेकर आम बस्तियों तक पेड़ गिरने और छतें उड़ने की खबरें सामने आ रही हैं. वहीं, तूफान के चलते बिजली की लाइनें टूटने से पूरा शहर रात भर अंधेरे में डूबा रहा, वहीं हल्द्वानी मार्ग पर एक वाहन भी इसकी चपेट में आ गया. प्रशासन अब युद्धस्तर पर व्यवस्थाएं सामान्य करने में जुटा है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके.
रविवार रात सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम ने अचानक करवट ली. तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी. देर रात तक चली बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. तेज हवाओं के कारण कई जगह नुकसान भी हुआ. अचानक बदले मौसम से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी हैरान रह गए. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है, वहीं सुबह से ही नुकसान का आकलन करने का काम शुरू कर दिया गया है.

आंधी और तेज बारिश का सबसे ज्यादा असर शहर की बिजली व्यवस्था पर पड़ा. तेज हवाओं के कारण कई जगह बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे रात से ही पूरे शहर में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई. कई इलाकों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा और लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. घरों, होटलों और दुकानों में बिजली न होने से मुश्किलें बढ़ गईं. बिजली विभाग की टीमें सुबह से ही क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने में जुटी हैं और जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

मूसलाधार बारिश और तेज आंधी के कारण शहर के अलग अलग हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं. कई सड़कों पर पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से कई जगहों पर पेड़ हटाने का काम शुरू किया गया. अचानक आई इस आंधी ने लोगों को सतर्क कर दिया है. सुबह के समय नगर पालिका और अन्य विभागों की टीमें सड़कों को साफ करने और व्यवस्था सामान्य करने में जुट गईं, ताकि शहर की गतिविधियां जल्द से जल्द पटरी पर लौट सकें.
Add News18 as
Preferred Source on Google

हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर बलियाखान के पास आंधी के दौरान एक बड़ा पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया. बताया जा रहा है कि यह पेड़ पारस जोशी के वाहन पर गिरा, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ. घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से पेड़ हटाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया गया.

आंधी-तूफान का असर शहर के वीआईपी क्षेत्रों में भी देखने को मिला. राजभवन रोड और एसएसपी कार्यालय के पास भी एक पेड़ गिरने की सूचना मिली है. पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो गई. मौके पर पहुंची टीमों ने पेड़ को हटाने का काम शुरू किया. स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन का सहयोग किया. घटना के बाद आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन सुबह तक स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी.

नैनीताल के स्टोनले कंपाउंड इलाके में तेज हवा के झोंकों ने एक घर को नुकसान पहुंचाया. रात के समय अचानक चली तेज आंधी में एक घर की टीन की छत उड़ गई, जिससे परिवार के लोग घबरा गए. हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर को काफी नुकसान हुआ है. सुबह होते ही स्थानीय लोगों ने स्थिति का जायजा लिया और परिवार की मदद की. प्रशासन भी अब पूरे शहर में हुए नुकसान का आंकलन करने में जुटा हुआ है, ताकि प्रभावित लोगों को राहत दी जा सके.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.