Last Updated:
Nainital News: अक्सर शादियों में भारी लाइटिंग, डीजे और बारातियों के कारण सड़क जाम की समस्या पैदा हो जाती है. अब इसे लेकर उत्तराखंड सरकार ने नया नियम लागू किया है. इस नए नियम के अनुसार, कुछ चीजों पर प्रतिबंध लगाया गया है.
नैनीताल: शादी-समारोहों के बढ़ते सीजन में नैनीताल शहर और आसपास के कस्बों में ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. देर रात निकलने वाली बारातों, सड़क पर बने लंबे जुलूसों और भारी लाइटिंग गाड़ियों की वजह से कई बार आवाजाही मुश्किल हो जाती है. हालात ऐसे भी बने हैं जब एंबुलेंस तक घंटों जाम में फंसी रही. ऐसी स्थिति को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने बड़े बदलाव करते हुए नए सख्त आदेश जारी किए हैं.
एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब किसी भी बैंक्वेट हॉल, होटल या विवाह स्थल से अधिकतम 200 मीटर की दूरी तक ही बारात पैदल नाचते हुए आ सकेगी. इसके बाहर डांस या जुलूस की बिल्कुल अनुमति नहीं होगी. पुलिस का कहना है कि अक्सर बारात सड़क पर दूर तक फैल जाती थी, जिससे ट्रैफिक ठप पड़ जाता था और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
सिर्फ झालर लाइटों की अनुमति
यही नहीं, पुलिस ने उन भारी-भरकम लाइटिंग ठेला गाड़ियों पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया है, जो सड़क का आधा हिस्सा घेरकर जाम का कारण बनती थीं. अब सिर्फ हाथ में लेकर चलने वाली झालर लाइटिंग की ही अनुमति होगी. इससे बारात हल्के और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ सकेगी.
सबसे बड़ा बदलाव डीजे पर आया है. नए आदेशों के अनुसार, रात 10 बजे के बाद किसी भी हालत में डीजे नहीं बजेगा. हाई-बेस साउंड सिस्टम और बड़े डीजे बॉक्स के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. पुलिस का कहना है कि देर रात होने वाली तेज आवाज की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं, जिससे अस्पतालों, परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और स्थानीय निवासियों को परेशानी होती थी.
सुधरेगी ट्रैफिक व्यवस्था
एसएसपी ने सभी सीओ, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि इन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए. विवाह आयोजकों और बारातियों को भी सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने कार्यक्रम की योजना नए नियमों के तहत बनाएं. इन आदेशों से जहां ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी, वहीं शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में भी मदद मिलेगी. पुलिस का कहना है कि नियमों का उद्देश्य किसी की खुशी कम करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक व्यवस्था का संतुलन बनाए रखना है.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.