दरअसल, यूपी के गाजियाबाद से आया एक व्यक्ति नए साल की छुट्टियां मनाने नैनीताल पहुंचा था. उसके साथ उसकी गर्लफ्रेंड भी मौजूद थी. दोनों एक कार में शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम रहे थे. सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन तभी अचानक एक महिला वहां पहुंची और उस कार को रोकने की कोशिश करने लगी. जब शख्स ने गाड़ी नहीं रोकी, तो महिला कार के सामने खड़े होकर रास्ता रोकने की कोशिश करने लगी.
हालात तब और बिगड़ गए जब महिला कार के बोनट पर बैठ गई. इसके बावजूद शख्स ने वाहन नहीं रोका और कुछ दूरी तक महिला को घसीटता हुआ ले गया. यह देख आसपास मौजूद लोग सन्न रह गए. किसी तरह लोगों ने बीच-बचाव कर कार को रुकवाया. इसके बाद महिला का गुस्सा फूट पड़ा. उसने कार पर हाथ-पैर चलाने शुरू कर दिए और देखते ही देखते कार के शीशे तोड़ डाले.
इस दौरान कार में बैठी युवती डर के मारे मौके से भाग गई. सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लोग महिला को शांत कराने की कोशिश करने लगे. पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. बाद में सामने आई इस घटना की कहानी और भी चौंकाने वाली निकली.
हंगामा कर रही महिला ने पुलिस को बताया कि वह पिछले चार दिनों से अपने पति को तलाश रही थी. पति अचानक घर से गायब हो गया था और उसने फोन कॉल्स और मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया था. परेशान महिला लगातार अपने पति की तलाश कर रही थी, तभी उसे जानकारी मिली कि उसका पति नैनीताल में है. यह पता चलते ही महिला अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ नैनीताल पहुंची. वहां उसने अपने पति की कार पहचान ली और उसी के बाद सड़क पर यह पूरा हंगामा शुरू हो गया.
महिला ने पुलिस को बताया, उसकी शादी 11 साल पहले हुई थी और उसकी एक बेटी भी है. पति का ऑफिस में काम करने वाली एक युवती के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा है. वह पहले भी कई बार अपने पति को उस लड़की के साथ पकड़ चुकी है, लेकिन इसके बावजूद उसने अपना व्यवहार नहीं बदला. हमारा तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है. अक्सर पति जान से मारने की धमकी देता रहता है. महिला ने पुलिस से मांग की कि जिस युवती के साथ उसका पति घूम रहा था, उसे उसके सामने लाया जाए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पति-पत्नी दोनों की काउंसलिंग भी की जा रही है. फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.