पुलिस की इस नई व्यवस्था के तहत जिले की सीमा में प्रवेश करते ही वाहनों को उनकी मंज़िल के आधार पर अलग-अलग रंग के स्टिकर दिए जाएंगे. यह स्टिकर गाड़ी के शीशे पर लगाया जाएगा और आगे स्थापित सभी बैरियरों पर तैनात पुलिसकर्मियों को वाहन की दिशा और रूट की तुरंत जानकारी मिल जाएगी. इससे एक वाहन को बार-बार रोका नहीं जाएगा और ट्रैफिक जाम के हालात काफी हद तक कम होंगे. वहीं जिन यात्रियों को सीधे अल्मोड़ा जाना है, उन्हें नैनीताल, भवाली, कैंचीधाम जैसे भीड़भाड़ वाले मार्गों पर नहीं भेजा जाएगा. इसी तरह रामनगर, जिम कार्बेट, गर्जिया देवी, मुक्तेश्वर और भीमताल की ओर जाने वालों को भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित होंगे.
24 घंटे मुस्तैद रहेगी पुलिस
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस लाइन सभागार में सभी स्टेकहोल्डरों और अधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तृत प्लान साझा किया. उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर की रात से ही सभी बैरियरों पर पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी जाएगी उन्होंने बताया कि नए साल की भीड़ को देखते हुए 13 प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. प्रत्येक चेकिंग प्वाइंट पर दो पालियों में पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे और चुनौतिपूर्ण स्थानों पर थाना व चौकी प्रभारी खुद निगरानी करेंगे. निगरानी में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए मोबाइल पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार रूट क्लीयरेंस का काम भी करती रहेंगी. .
नैनीताल में पार्किंग भरते ही शुरू होगी शटल सेवा
कई वर्षों का अनुभव बताता है कि 28 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच नैनीताल शहर की पार्किंग जल्दी भर जाती है. ऐसे में इस बार पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है. पार्किंग फुल होने की स्थिति में रूसी बाईपास, कैंची धाम रूट की ओर जाने वाले पर्यटकों के लिए भवाली सैनिटोरियम से शटल सेवा चलाई जाएगी. इससे शहर के भीतर अनावश्यक वाहनों का दबाव कम होगा और नैनीताल की मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक बेहतर तरीके से चल सकेगा.
यहां लगाए जाएंगे रूट स्टिकर
इस बार भी बीते सालों की तरह गड़प्पू, पंतनगर तिराहा (ऊधमसिंह नगर), लालकुआं, तीनपानी, कुंवरपुर-चोरगलिया, भीमताल तिराहा सहित कई प्रमुख सीमाई क्षेत्रों में पुलिस बदल तैनात रहेगा, जो वाहनों पर रूट स्टिकर लगाने का कार्य करेंगे. साथ ही वाहनों को बार-बार नहीं रोका जाएगा. एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि स्टिकर व्यवस्था का उद्देश्य वाहनों को बिना बाधा उनके रूट की तरफ भेजना है. इससे न तो यात्रियों को परेशानी होगी और न ही ट्रैफिक दबाव बढ़ेगा. जिस गाड़ी पर जो स्टिकर लगा है वह सीधे उसी दिशा में भेजी जाएगी.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.