Nainital News: नैनीताल जल्द ही तिरंगे की रोशनी में जगमगाता नजर आएगा. शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगरपालिका करीब 300 स्ट्रीट लाइटों पर तिरंगा एलईडी लाइट लगाने की योजना पर काम कर रही है. इस पहल के पूरा होने के बाद रात के समय शहर की सड़कों पर केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी दिखाई देगी, जिससे नैनीताल की खूबसूरती और भी बढ़ेगी. साथ ही यह दृश्य पर्यटकों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र बनेगा.
नगरपालिका की ओर से इस योजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है. जानकारी के अनुसार इस प्रोजेक्ट पर लगभग 7 से 8 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है. योजना के तहत शहर के मुख्य मार्गों और प्रमुख स्थानों पर लगे स्ट्रीट लाइट के खंभों पर तिरंगे के तीन रंग केसरिया, सफेद और हरे रंगों की एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी. इन रोशनी से सड़कों का नजारा बेहद आकर्षक और अलग दिखाई देगा.
शहर में लगेंगी 300 तिरंगा लाइटें
नगरपालिका के अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल शहर का सौंदर्यीकरण करना ही नहीं है, बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों को एक अनोखा अनुभव देना भी है. रात के समय तिरंगे की रोशनी से सजा हुआ शहर पर्यटकों के लिए एक खास आकर्षण का केंद्र बन सकता है. खासकर पर्यटन सीजन के दौरान यह पहल नैनीताल की पहचान को और मजबूत कर सकती है.
इस संबंध में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि हाल ही में नैनीताल और मसूरी नगरपालिकाओं को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में पर्यटन सीजन से पहले शहरों को साफ-सुथरा बनाने और सौंदर्यीकरण के कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए थे. उन्होंने बताया कि नगरपालिका अध्यक्ष के निर्देश पर शहर के मुख्य मार्गों पर एलईडी लाइट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. इसी योजना के तहत करीब 300 स्ट्रीट लाइटों पर तिरंगा एलईडी लाइट लगाने की योजना बनाई गई है. इसके लिए लगभग 7 से 8 लाख रुपये का अनुमानित बजट तैयार किया गया है.
नैनीताल की खूबसूरती बढ़ेगी दोगुना
ईओ रोहिताश शर्मा ने यह भी बताया कि शहर में सौंदर्यीकरण के लिए नगरपालिका के पास सीमित संसाधन हैं. फिलहाल नगर पालिका के दायरे में मुख्य रूप से झील और स्ट्रीट लाइटों का ही प्रबंधन है. उन्होंने बताया कि पहले नैनी झील के आसपास कुछ स्ट्रीट लाइटें दूसरे विभाग द्वारा लगाई गई थीं, लेकिन वे अभी तक नगरपालिका को औपचारिक रूप से हस्तांतरित नहीं की गई हैं. इनमें से कई लाइटें खराब भी हो चुकी हैं, जिनकी मरम्मत की जरूरत है. ऐसे में नगरपालिका ने शहर के मुख्य मार्गों और महत्वपूर्ण स्थानों को तिरंगा लाइटों से सजाने की योजना बनाई है. इससे न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि रात के समय शहर का माहौल भी अलग और आकर्षक दिखाई देगा.
वहीं पर्यटन से जुड़े लोगों का मानना है कि इस तरह की पहल से नैनीताल की पर्यटन छवि को भी फायदा मिल सकता है. रात के समय तिरंगे की रोशनी से सजा शहर पर्यटकों के लिए फोटो और वीडियो बनाने का भी आकर्षण बन सकता है. तिरंगा लाइट योजना के जरिए प्रशासन शहर को और आकर्षक बनाने की दिशा में एक नई पहल कर रहा है. यदि यह योजना समय पर पूरी होती है, तो आने वाले पर्यटन सीजन में नैनीताल की सड़कों पर तिरंगे की रोशनी एक अलग ही माहौल पैदा करती नजर आएगी.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.