Nainital News: क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है. प्रशासन ने बिना होटल बुकिंग वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी है. 23 दिसंबर से सघन जांच होगी. बिना बुकिंग पर्यटकों को बाहर पार्किंग में वाहन खड़े कर शटल सेवा से शहर लाया जाएगा.
जिला प्रशासन के अनुसार 23 दिसंबर से नैनीताल के सभी प्रमुख प्रवेश स्थलों चारखेत, रूसी 1,2 और भवाली मस्जिद तिराहा, कालाढूंगी पर सघन जांच की जाएगी. यहां तैनात पुलिस और प्रशासनिक टीम पर्यटकों से होटल बुकिंग का प्रमाण मांगेगी. केवल उन्हीं वाहनों को शहर में एंट्री दी जाएगी जिनके पास होटल की वैध बुकिंग रसीद, ऑनलाइन कन्फर्मेशन या ठहरने से जुड़ा पुख्ता प्रमाण होगा. बिना बुकिंग आने वाले पर्यटकों के वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें पहले से तय रूट डायवर्जन के तहत शहर के बाहर स्थित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा.
बुकिंग नहीं है तो शटल सेवा से आना होगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एडवांस बुकिंग ना होने की स्थिति में पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से ही नैनीताल पहुंचाया जाएगा. इससे शहर के भीतर अनावश्यक वाहनों की संख्या कम होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी. प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से पर्यटकों को भी असुविधा से बचाया जा सकेगा और स्थानीय लोगों की आवाजाही भी सुचारू बनी रहेगी. नैनीताल में होटल और गेस्ट हाउस लगभग एक महीना पहले से ही बुक होना शुरू हो चुके थे. शहर के कई बड़े लग्जरी होटलों ने क्रिसमस और नए साल के जश्न को लेकर आकर्षक पैकेज भी निकाले थे. अब जैसे जैसे क्रिसमस और नया साल पास आ रहा है. वैसे वैसे होटलों में बुकिंग्स भी बढ़ती जा रही है. वहीं अंतिम समय में बिना होटल बुकिंग के नैनीताल आने वाले पर्यटकों को न सिर्फ ठहरने की परेशानी हो सकती है, बल्कि शहर में एंट्री भी नहीं मिल पाएगी. प्रशासन ने ऐसे यात्रियों को बिना तैयारी के नैनीताल आने से बचने की सलाह दी है. पर्यटन विभाग ने भी पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा से पहले पूरी प्लानिंग के साथ आएं. होटल बुकिंग एडवांस में करवा लें, ट्रैफिक प्लान की जानकारी जरूर लें और प्रशासन द्वारा तय की गई पार्किंग में ही अपने वाहन खड़े करें. इससे न केवल आपकी यात्रा सुगम होगी, बल्कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर बनी रहेगी.
शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम
नैनीताल के उपजिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि पर्यटन सीजन के दौरान जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए यह नियम बीते सालों की तरह पर भी इस साल लागू किया गया है. उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाली केवल उन्हीं गाड़ियों को शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जिनकी होटल बुकिंग पहले से सुनिश्चित होगी. बिना बुकिंग आने वाले पर्यटकों के वाहनों को शहर से बाहर पार्किंग में खड़ा कर शटल सेवा से नैनीताल भेजा जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पर्यटकों को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को बनाए रखना है. प्रशासन ने पर्यटकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि वे एडवांस में होटल बुकिंग और यात्रा की योजना बनाकर आएंगे, तो नैनीताल में उनका क्रिसमस और न्यू ईयर का जश्न बिना किसी परेशानी के यादगार बन सकता है.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.