सहरसा के सदर थाना क्षेत्र के पटुआहा वार्ड संख्या 24 में रविवार दोपहर हथियार के बल पर एक किराना दुकान में लूटपाट की घटना सामने आई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बगल के ही पड़ोस में रहने वाले पूर्व मुखिया गोपाल यादव के पुत्र राजा यादव पर किराना व्यवसायी दुर्गा ठाकुर की दुकान पर हथियार लेकर पहुंचने का आरोप है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी के हाथ में देशी राइफल थी और वह दुकान पर पहुंचते ही दहशत फैलाने लगा।
हथियार लेकर पहुंचा आरोपी।
पीड़ित दुकानदार दुर्गा ठाकुर ने बताया कि आरोपी ने उन्हें धमकी देते हुए कहा, “मेरा कुत्ता चोरी कर लिया गया है, वापस करो नहीं तो गोली मार देंगे।” इसके बाद, आरोपी ने जबरन दुकान के गल्ले से लगभग 4,500 रुपये नकद निकाल लिए।
घटना के दौरान दुकान और आसपास मौजूद लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। कुछ स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी हथियार के साथ हंगामा करते हुए दिख रहा है।
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस टीम को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित दुकानदार ने रविवार शाम सहरसा सदर थाना पहुंचकर थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। वायरल वीडियो सहित सभी तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.