मुजफ्फरपुर के साहेबगंज इलाके में पुष्कर सिंह हत्याकांड हुआ था। इस मामले में STF और मुजफ्फरपुर पुलिस के संयुक्त अभियान चलाया। मुख्य शूटर लोकेश कुमार उर्फ लवकुश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इसने फेसबुक पर मृतक छात्र नेता से हुए गाली गलौज के बाद उसका मर्डर किया था। पुलिस ने उसे 27 फरवरी 2026 को तकनीकी सर्विलांस और वैज्ञानिक जांच के आधार पर दबोचा। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार लोकेश कुमार उर्फ लवकुश कुख्यात ‘छोटू राणा गैंग’ का विश्वसनीय सहयोगी और शार्प शूटर है। वह साहेबगंज थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार, पुष्कर सिंह की हत्या के बाद भी उसकी आपराधिक गतिविधियां जारी थीं। उसने मार्च 2025 में यूट्यूबर मनी मेराज की टीम के सदस्य सैफुल अंसारी के घर पर भी फायरिंग की थी, जिसमें उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस जांच में हत्या की वजह सोशल मीडिया विवाद सामने आई है। पुष्कर सिंह की हत्या पुरानी दुश्मनी या जमीन विवाद के कारण नहीं, बल्कि फेसबुक पर हुए विवाद के चलते हुई थी। जांच के अनुसार, पुष्कर सिंह और अपराधियों के बीच फेसबुक पर तीखी बहस हुई थी। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और आपसी छींटाकशी बढ़ने के बाद बदमाशों ने पुष्कर की हत्या की साजिश रची। 15 महीने पहले हुआ था मर्डर घटना 14 नवंबर 2024 को हुई थी। माधोपुर हजारी निवासी छात्र नेता पुष्कर सिंह जब साहेबगंज ब्लॉक गेट के पास से गुजर रहे थे, तभी घात लगाए बदमाश ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुष्कर के पिता राजेश कुमार सिंह ने साहेबगंज थाने में प्राथमिकी (कांड संख्या-574/24) दर्ज कराई थी। हाई-प्रोफाइल केस में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इससे पहले एनआईए (NIA) और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत को गिरफ्तार किया था। अब मुख्य शूटर लोकेश की गिरफ्तारी को पुलिस सफलता मान रही है। मुजफ्फरपुर पुलिस के अनुसार, लोकेश की गिरफ्तारी से छोटू राणा गैंग को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और इस साजिश में शामिल पर्दे के पीछे के चेहरों की तलाश में जुटी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.