Muzaffarpur Akhada Ghat River Front: मुजफ्फरपुर शहर का अखाड़ाघाट इन दिनों अपनी खूबसूरती की वजह से मिनी मुंबई के नाम से मशहूर हो रहा है. शाम ढलते ही बूढ़ी गंडक के किनारे जगमगाती रोशनी और ठंडी हवाओं का आनंद लेने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ रही है. क्या आपने देखी है मुजफ्फरपुर की यह बदली हुई तस्वीर? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ‘हॉटस्पॉट’ की पूरी कहानी जानने के लिए पढ़ें हमारी विशेष रिपोर्ट.
सिकंदरपुर लेक फ्रंट इन दिनों शहरवासियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है. स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तैयार हो रहा यह खूबसूरत स्थल अब लोगों के लिए सैर-सपाटे और सुकून भरी शाम बिताने की खास जगह बन चुका है. शाम ढलते ही यहां का नजारा इतना मनमोहक हो जाता है कि लोग इसे महानगरों के लेक फ्रंट से कम नहीं मानते.

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इस लेक फ्रंट का निर्माण करीब 213.25 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है. इस पूरे प्रोजेक्ट को तीन चरणों में विकसित किया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं और आकर्षक माहौल मिल सके. परियोजना के पूरा होने के बाद यह स्थान न केवल शहरवासियों के लिए मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होगा.

शाम के समय जब सूरज ढलने लगता है. झील के किनारे हल्की रोशनी जगमगाने लगती है. तब यहां का दृश्य बेहद खूबसूरत हो जाता है. झील के किनारे बने वॉकिंग ट्रैक, बैठने की व्यवस्था और हरियाली लोगों को अपनी ओर खींचती है. यही वजह है कि हर दिन बड़ी संख्या में लोग यहां टहलने, दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताने तथा प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

युवा वर्ग के बीच भी यह जगह काफी लोकप्रिय होती जा रही है. खासकर शाम के समय यहां फोटो शूट और सेल्फी लेने के लिए युवाओं की भीड़ देखने को मिलती है. कई लोग यहां प्री-वेडिंग शूट या सोशल मीडिया के लिए फोटो और वीडियो बनाने भी आते हैं. झील के किनारे का शांत वातावरण और खुला आसमान इस जगह को और भी खास बना देता है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इस इलाके में इस तरह की कोई व्यवस्थित जगह नहीं थी, लेकिन स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत हो रहे विकास के कारण अब यह क्षेत्र तेजी से बदल रहा है. बेहतर सड़क, लाइटिंग और साफ-सफाई की व्यवस्था से यहां का माहौल काफी आकर्षक हो गया है.

आने वाले समय में जब परियोजना के बाकी चरण भी पूरे हो जाएंगे. तब यहां और भी कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इसमें आधुनिक लाइटिंग, बच्चों के खेलने की जगह, बेहतर बैठने की व्यवस्था, बोट क्लब, ओपन एयर ऑडिटोरियम, कम्युनिटी हॉल और अन्य मनोरंजन सुविधाएं शामिल हो सकती हैं. इससे यह स्थान मुजफ्फरपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार हो सकता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.