मुजफ्फरपुर के अहियापुर स्थित बखरी सीएनजी पंप पर ईंधन भरवाने के दौरान एक ऑटो का सिलेंडर बम की तरह फट गया. इस भीषण विस्फोट में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए. जिन्हें इलाज के लिए SKMCH में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या सिलेंडर एक्सपायरी था.
पेट्रोल पंप पर ऑटो के सीएनजी टैंक में ब्लास्ट
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब चालक अपने ऑटो में सीएनजी भरवाने के लिए लाइन में लगा था. जैसे ही नोजल लगाकर गैस भरने की प्रक्रिया शुरू हुई, अचानक ऑटो का टैंक बम की तरह फट गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास का इलाका दहल उठा. इस घटना में ऑटो में मौजूद लोग और आसपास खड़े अन्य वाहन चालक व कर्मी घायल हो गए. आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पंप कर्मियों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेजा गया है, जहां कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है.
सुरक्षा पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने पंप की घेराबंदी कर दी है और तकनीकी विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया जा रहा है ताकि ब्लास्ट के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके. प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि ऑटो के सीएनजी किट या टैंक में किसी तकनीकी खराबी या एक्सपायरी सिलेंडर के कारण यह हादसा हुआ होगा.
यह घटना सीएनजी वाहनों की सुरक्षा और उनके फिटनेस मानकों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़ा करती है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि चूक कहां हुई. फिलहाल प्रशासन घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने में जुटा है और पंप पर परिचालन को रोक दिया गया है.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.