मुजफ्फरपुर में एक भीषण सड़क दुर्घटना में स्कूल जा रही छात्रा की मौत हो गई है। छात्रा अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी। इसी क्रम में सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। घटना के बाद वाहन का चालक मौके से भागने में सफल रहा। यह घटना मुजफ्फरपुर-मोतिहारी राष्ट्रीय राजमार्ग 27 के कांटी थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर की बताई गई है।
लोगों ने सड़क किया जाम
घटना के बाद मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। मृतका छात्रा की पहचान 7 वर्षीय आकांक्षा कुमारी, पिता अमरेश कुमार पासवान, कांटी थाना क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों ने क्या बताया?
परिजनों ने बताया कि आकांक्षा प्रतिदिन अपने साथियों के साथ स्कूल जाती थी। इस जगह पर वाहन की गति का कोई नियंत्रण नहीं है और आए दिन यहां सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। आज स्कूल जाने से पहले सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में तेज थी और प्रतिदिन स्कूल जाती थी।
ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर नाबालिग का यौन शोषण, शादी के लिए दहेज में मांगी बाइक, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
जांच में जुटी पुलिस
कांटी थाना प्रभारी रविकांत पाठक ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक छात्रा की मौत हो गई है। घटना को अंजाम देने वाला वाहन चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। मृतका स्कूल जा रही थी और सड़क पार करते समय हादसा हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। ग्रामीणों को सड़क जाम हटाने को लेकर समझाया जा रहा है। मामले में परिजनों के बयान पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.