मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम खेल के दौरान एक सात वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कुढ़नी थाना क्षेत्र के कुढ़नी गांव स्थित वार्ड संख्या 10 में रविवार शाम करीब सात बजे मो. एजाज के 7 वर्षीय पुत्र मो. फरीद की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फरीद अपने दोस्तों के साथ लुकाछिपी खेल रहा था। अंधेरा होने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पास स्थित एक पोखर में गिर गया, जहां पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: Bihar Politics: तेजस्वी यादव की ताजपोशी होते ही वैशाली में RJD को लगा झटका, इस दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक गांव के पास मछली पालन के लिए एक छोटा पोखर बना हुआ है। बच्चे रोजाना वहीं आसपास खेलते हैं। देर शाम फरीद खेलते-खेलते घर के पीछे की ओर चला गया। इसी दौरान पैर फिसलने से वह पोखर में गिर गया। काफी देर बाद परिजनों को उसकी जानकारी मिली लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने कुढ़नी थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे के शव को पोखर से बाहर निकलवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।
कुढ़नी थाना प्रभारी ने बताया कि खेल के दौरान तालाब में डूबने से बच्चे की मौत हुई है। शव को बाहर निकाल लिया गया है तथा घटना की सूचना कुढ़नी अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी अनिल कुमार संतोषी को दे दी गई है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.