मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र स्थित मोहम्मदपुर बनवारी राजकीय उच्च मध्य विद्यालय, भरथीपुर के एक कमरे में आग लगने से वहां रखी शैक्षणिक सामग्री जलकर खाक हो गई। घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह बच्चे स्कूल पहुंचे। कमरे की हालत पूरी तरह जली हुई थी और अंदर से धुआं निकल रहा था।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार रात एक शादी की बारात स्कूल परिसर में ठहरी हुई थी और उसी कमरे में रुकी थी। देर रात बारात लौट गई। बुधवार सुबह जब छात्र पढ़ाई के लिए पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में रखी ब्लैकबोर्ड, टेबल, बेंच-डेस्क सहित अन्य सामग्री पूरी तरह जल चुकी थी।
पढ़ें: दरभंगा में लव जिहाद के आरोपित पर बड़ी कार्रवाई, फरार होने पर घर की कुर्की; सामान सारा जब्त
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है या फिर किसी असामाजिक तत्व ने घटना को अंजाम दिया हो।
सूचना मिलने पर सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आग की इस घटना से स्कूल में पढ़ाई ठप हो गई है और बच्चों को फिलहाल घर वापस भेज दिया गया है। पूरे इलाके में घटना को लेकर हड़कंप का माहौल है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.