बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर का हिजाब खींचे जाने के मामले को लेकर झारखंड में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस घटना के विरोध में रांची जिले के मांडर प्रखंड में मुस्लिम समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
ब्राम्बे चौक पर प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब पांच बजे मांडर प्रखंड के ब्राम्बे चौक पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया और घटना के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि 15 दिसंबर को पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींच दिया। उनका आरोप है कि यह महिला की गरिमा, धार्मिक आस्था और भावनाओं का अपमान है।
नीतीश कुमार के खिलाफ हुई नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान ‘नीतीश कुमार मुर्दाबाद’ और ‘मुस्लिम महिलाओं का अपमान बंद करो’ जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को अल्पसंख्यक समाज के अपमान से जोड़ते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी।
यह भी पढ़ें- नेशनल हेराल्ड मामले में ED की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन: भाजपा कार्यालय घेरा, पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन में शामिल साजिद अंसारी, मो. इकबाल हुसैन, रफी और साजिद सहित अन्य लोगों ने कहा कि उनके समाज में महिला का हिजाब केवल उसके सौहर या माता-पिता द्वारा ही हटाया जाता है। उनका कहना था कि यह कृत्य उनके समाज की मान्यताओं का अपमान है।
नीतीश से माफी की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से इस घटना को लेकर माफी मांगने की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.