जमशेदपुर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया। पुलिस ने हत्या की साजिश रच रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान मोनी मोहंती, विकास मंडल, अंकित सिंह उर्फ बंगाली सिंह और प्रिंस कुमार शर्मा उर्फ बबलू उर्फ शूटर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मोनी मोहंती पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
शिवम के दादा को पिस्तौल दिखाकर धमकाया था
सिटी एसपी कुमार शिवशीष ने बताया कि पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी, शिवम मिश्रा की हत्या की योजना बना रहे थे। आरोप है कि 21 दिसंबर को शिवम मिश्रा ने मोनी मोहंती की भांजी के साथ छेड़खानी की थी।
इसी का बदला लेने के लिए वे शिवम मिश्रा का मर्डर करना चाहते थे। इससे पहले भी वे शिवम मिश्रा के घर गए थे, लेकिन वह नहीं मिला था। तब उन्होंने शिवम के दादा को पिस्तौल दिखाकर धमकाया था।
मोनी मोहंती के पास से एक देशी पिस्तौल बरामद
पुलिस टीम चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मोदी चौक पहुंची और वाहनों की जांच करते हुए मुर्दा मैदान की ओर घेराबंदी कर बढ़ी। झाड़ियों के पास चारों बैठे हुए मिले, जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर सभी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान, गिरफ्तार आरोपियों में से मोनी मोहंती की कमर में छिपाकर रखी गई एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। पिस्तौल की मैगजीन में 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां थीं। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.