मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में सात साल के मासूम की हत्या कर शव को मिट्टी में गाड़ देने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी सिकिंदर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बदले की भावना में उठाया खौफनाक कदम
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चे की मां और आरोपी सिकिंदर चौधरी के बीच पहले से प्रेम-प्रसंग था। इसी दौरान आरोपी को जानकारी मिली कि महिला किसी अन्य युवक से भी बातचीत कर रही है। यह बात उसे नागवार गुजरी। आरोपी ने महिला को चेतावनी दी थी कि अगर वह दूसरे युवक से बात करेगी तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बताया गया कि घटना वाले दिन महिला के पति से भी आरोपी का विवाद हुआ था। इसके बाद 27 फरवरी 2026 की दोपहर खेलने के लिए घर से निकले मासूम बच्चे को आरोपी ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और सुनसान चौर में ले जाकर दबिया, खुरपी और कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियारों से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
सबूत मिटाने के लिए शव को मिट्टी में गाड़ा
हत्या करने के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए बच्चे के शव को चौर में मिट्टी के अंदर गाड़ दिया और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को भी छिपा दिया।
10 दिन बाद चौर से मिला था शव
दरअसल, 27 फरवरी की दोपहर करीब तीन बजे खेलने निकला बच्चा जब देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने करजा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवार और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। करीब 10 दिन बाद रविवार की सुबह गांव के कुछ लोग चौर में तोरी की फसल काटने गए थे। इस दौरान उन्हें एक गड्ढे के ऊपर कपड़ा दिखाई दिया। शक होने पर लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी खोदकर बच्चे का शव बरामद किया। शव के अंगों को काटकर मिट्टी में गाड़ा गया था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
एफएसएल जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद ली और तकनीकी व वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता पाई।
ये भी पढ़ें: पैक्स अध्यक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग, चेहरे में गोली लगने से गंभीर; हायर सेंटर रेफर
पुलिस का बयान
पूरे मामले में एएसपी सरैया गरिमा ने बताया कि बच्चे की हत्या के मामले का खुलासा कर लिया गया है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी सिकिंदर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए गए हैं। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.