छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में शराब देने से इनकार करने पर एक व्यक्ति की कांच की बोतल से हमला कर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के भरतपुर का है।
जानकारी के मुताबिक, 2 जनवरी की शाम करीब 4:30 शोभनाथ नगेशिया (48) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई की थी। बताया गया था कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी गांव के दीनों प्रजापति के घर के पास लड़ाई-झगड़े का शोर सुनकर वहां गया।
बेहोश हालत में मिला युवक
वहां उसने अपने छोटे भाई राजेश्वर नगेशिया को बेहोश पड़ा देखा। मौके पर राजेश्वर की पत्नी तिलासो नगेशिया और गांव के अन्य लोग भी मौजूद थे। शोभनाथ ने जब अपनी पत्नी तिलासो से घटना के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि राजेश्वर ने आरोपी लिखना उर्फ गुडुवा पहाड़ी कोरवा को कांच की बोतल में शराब ले जाते देखा था।
शराब को लेकर हुआ विवाद
राजेश्वर ने लिखना से शराब देने को कहा, जिस पर लिखना उर्फ गुडुवा पहाड़ी कोरवा को गुस्सा आ गया। उसने राजेश्वर नगेशिया के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की और फिर हाथ में पकड़ी कांच की बोतल से उसके सिर के पीछे वार कर दिया, जिससे राजेश्वर जमीन पर गिर गया।
अस्पताल में घोषित किया मृत
घटना की जानकारी मिलते ही शोभनाथ अपने भाई राजेश्वर को इलाज के लिए भरतपुर अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट पर थाने धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर जेल
जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी लिखना उर्फ गुडुवा पहाड़ी कोरवा, पिता मिलकू, निवासी भरतपुर (बगीचापारा), थाना शंकरगढ़ ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.