मुंगेर जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड के समीप रामलीला मैदान में शनिवार को फाल्गुन महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुबह निशान यात्रा निकाली गई, जबकि शाम को बाबा खाटू श्याम के मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया और उनकी फूलों से श्रृंगार पूजा की गई। पूजा-अर्चना के बाद भगवान को विधिवत 56 प्रकार का भोग लगाया गया। इसके अतिरिक्त, सवामणि प्रसाद भी चढ़ाया गया। मंदिर परिसर में मारवाड़ी समाज के महिला-पुरुषों ने ज्योत पूजा की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की खुशहाली और समृद्धि के लिए भगवान से प्रार्थना की। यह पूजा देर रात तक जारी रही। गायकों ने भजन किया प्रस्तुत महोत्सव के दौरान भक्ति संगीत कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। भागलपुर और जमालपुर से आए भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक खाटू श्याम बाबा के भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जमालपुर के भजन गायक हर्ष शर्मा ने ‘गोविंद मेरा है गोपाल मेरा है’ और ‘बाबा संग फूलों और गुलाल की होली’ जैसे भक्ति गीत गाए। वहीं, भागलपुर के हेमंत राजस्थानी ने ‘श्री कृष्ण की महिमा कैसे करूं’, ‘क्यों घबराऊँ मैं मेरा तो श्याम से नाता है’ और ‘श्याम तेरे भक्तों को तेरा ही सहारा है’ जैसे भजन प्रस्तुत किए। पूजा-अर्चना के बाद भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम का प्रसाद ग्रहण किया। इस कार्यक्रम से आसपास का पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.