मुंगेली पुलिस ने 1 मार्च को कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 65 हजार रुपए बताई गई है। मामला जरहागांव थाना क्षेत्र का है। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि जरहागांव निवासी समीर कश्यप अपने साथियों के साथ बाहर से ब्राउन शुगर लाकर श्मशान घाट के पास बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही जिले की साइबर सेल और जरहागांव थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने जरहागांव श्मशान घाट में घेराबंदी कर छापा मारा। मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम समीर कश्यप (24), सियाराम कश्यप (25), वीरेंद्र श्रीवास (34), लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35), रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27) बताया। यूपी से खरीदी गई थी ब्राउन शुगर सभी आरोपी जरहागांव और छतौना के रहने वाले हैं। तलाशी लेने पर पांच अलग-अलग पारदर्शी जिपर पन्नियों में कुल 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में समीर कश्यप ने बताया कि वह नैनी, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश से नकद राशि और फोन पे के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर लाया था। पुलिस ने ब्राउन शुगर के अलावा 6 मोबाइल (कीमत 50 हजार), बाइक CG 28 P 1199 (कीमत 65 हजार), 1 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (कीमत 1 हजार) जब्त सामान किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 81 हजार रुपए आंकी गई है। NDPS के तहत केस दर्ज जरहागांव थाने में अपराध क्रमांक 32/26 के तहत NDPS Act की धारा 21 (ख) में मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.