मार्च का पहला सप्ताह खत्म होते-होते ही मध्यप्रदेश में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। होली के मौके पर अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगा है, जिससे मौसम में गर्मी का अहसास तेज हो गया है। सबसे ज्यादा असर इंदौर और उज्जैन संभाग में देखने को मिला। वहीं भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में भी होली के दिन तेज धूप ने लोगों को झुलसाया। प्रदेशभर में आसमान साफ रहा और बारिश या बादलों की कोई स्थिति नहीं बनी, जिससे तापमान तेजी से ऊपर चढ़ा।
40 डिग्री की ओर बढ़ता पारा
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में मार्च के पहले पखवाड़े में ही कई शहरों में पारा 40 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।नर्मदापुरम में इस सीजन में पहली बार तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया। धार, रतलाम और सागर में पारा 36 डिग्री से ऊपर रहा। गुना, दमोह, खंडवा, टीकमगढ़, खजुराहो, खरगोन, श्योपुर और मंडला में भी तापमान 35 डिग्री के पार रहा। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में ही तापमान 30 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें-ब्लैकमेलिंग केस में फंसे पूर्व रेलकर्मी के वायरल वीडियो की जांच, फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी नजर
रातें भी दे रहीं गर्मी का संकेत
दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ा है। बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, रतलाम, श्योपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। धार की रात सबसे गर्म रही, जहां पारा 19 डिग्री तक पहुंच गया।
यह भी पढ़ें-चढ़ा गर्मी का पारा, मध्यप्रदेश में मार्च ने दिखाए तेवर, कई शहरों में 35 डिग्री के पार तापमान
लू का असली इम्तिहान अप्रैल-मई में
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मार्च में लू चलने की संभावना कम है, लेकिन अप्रैल और मई में 15 से 20 दिन तक हीट वेव का असर रह सकता है। ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग भी भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखें तो मार्च में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहती हैं, साथ ही हल्की बारिश के दौर भी आते हैं। इस बार भी मौसम कुछ ऐसा ही रुख दिखा रहा है, लेकिन तापमान की तेज बढ़ोतरी ने संकेत दे दिए हैं कि गर्मी इस बार जल्दी और तीखी पड़ सकती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.