धमतरी जिले में 10 जनवरी से आयोजित राज्यस्तरीय अग्निवीर भर्ती रैली में भाग लेने पहुंचे युवाओं का मनोबल बढ़ाने के लिए महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूप कुमारी चौधरी भर्ती स्थल पहुंचीं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सांसद रूप कुमारी चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश सेवा के प्रति उनका उत्साह राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई अग्निवीर योजना की सराहना की, जो युवाओं को भारतीय सेना के माध्यम से राष्ट्र सेवा का गौरवशाली अवसर प्रदान करती है। सांसद ने इस बात पर जोर दिया कि चयन प्रक्रिया में सफलता और असफलता जीवन का हिस्सा हैं, और किसी भी परिस्थिति में निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं को अपनी कमियों को पहचानकर निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी, जिससे सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। उन्होंने भर्ती रैली में शामिल सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रंजना साहू ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि लगभग एक दशक बाद जिले में राज्यस्तरीय सेना भर्ती रैली का आयोजन होना जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं का चयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विकासखंड स्तर पर निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर चलाए जा रहे हैं। इन शिविरों में सेवानिवृत्त सेना के जवान युवाओं को अग्निवीर, सेना और अन्य सैन्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं। यह पहल युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.