पचमढ़ी में चल रहे जिला कांग्रेस अध्यक्षों के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन कांग्रेस पदाधिकारियों ने आज पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों और विधायकों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का आकलन किया। कांग्रेस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य था आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में रह रहे लोगों की वास्तविक स्थिति को समझना, योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच का मूल्यांकन करना और गांवों में विकास की रफ्तार का जायजा लेना।
ग्रामीणों से हुई सीधी बातचीत
कांग्रेस पदाधिकारियों के समूहों ने अलग-अलग गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से पूछा कि क्या शासन की योजनाएं वास्तव में जनता तक पहुंच रही हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पंचायत व्यवस्था, रोजगार और आजीविका योजनाओं की स्थिति का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर योजनाओं के सीमित लाभ और कुछ इलाकों में मूलभूत सुविधाओं की कमी सामने आई।
यह भी पढ़ें-भोपाल के शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों पर संकट, टीचर बने बीएलओ तो डेंगू नियंत्रण थमा
कांग्रेस उठाएगी आवाज
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं को पार्टी गंभीरता से ले रही है और उन्हें दूर करने के लिए सरकार पर दबाव बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव आम जनता की आवाज को सशक्त रूप से उठाती रही है और आगे भी ग्रामीण व आदिवासी हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें-पूर्व CM अर्जुन सिंह की जयंती पर सीएम और नेता प्रतिपक्ष ने अर्पित की पुष्पांजलि, PCC में भी हुई सभा
संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कदम
कांग्रेस का यह संपर्क एवं संवाद अभियान’ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया जा रहा है। पदाधिकारियों ने कहा कि इस पहल से न केवल संगठन की पकड़ गांवों में मजबूत होगी, बल्कि जनता के बीच कांग्रेस की सक्रियता भी बढ़ेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.