फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर आए बदमाशों ने ठेकेदार के घर से करीब 82 लाख रुपये कीमत का सोना और नगदी लूट ली और फरार हो गए। यह वारदात धार जिले की बाग तहसील में हुई। बदमाश खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर घर में घुसे और रेड का डर दिखाकर सामान लेकर भाग निकले। घटना के बाद पूरे बाग क्षेत्र में दहशत और हड़कंप का माहौल है।
जानकारी के अनुसार वारदात गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे बाग के ब्राह्मण मोहल्ला में एमपीईबी विभाग से जुड़े ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर पर हुई। उस समय राजकुमार मालवीय, उनकी पत्नी कृष्णा मालवीय और घर में काम करने वाली महिला मौजूद थीं। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद स्कॉर्पियो में सवार होकर पांच बदमाश घर पहुंचे। इनमें से दो बदमाश खाकी वर्दी में थे, जबकि तीन सिविल ड्रेस में थे। घर में घुसते ही उन्होंने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताया।
बदमाशों ने घरवालों से कहा कि उनके खिलाफ ब्लैक मनी रखने की शिकायत मिली है। इसके बाद उन्होंने घर में तलाशी शुरू कर दी। कुछ देर बाद उन्होंने घर की अलमारी की चाबियां मांगीं। पहले कृष्णा मालवीय ने चाबियां देने से इंकार किया लेकिन जांच में सहयोग करने के उद्देश्य से राजकुमार मालवीय ने चाबियां सौंप दीं। बदमाशों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे करीब 50 तोला सोने के जेवरात, ढाई से तीन लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन निकाले और उन्हें लेकर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: LPG Crisis: भोपाल एलपीजी वितरण को लेकर SOP जारी, पैनिक बुकिंग से बचने की अपील, हेल्पलाइन नंबर 9685404087 जारी
15 मिनट में पूरी की वारदात
बदमाशों ने करीब 15 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपियों के फरार होते ही पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों को सूचना दी और पुलिस को खबर दी। बदमाशों का तरीका पूरी तरह पेशेवर बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की थी और उसके बाद ही वारदात को अंजाम दिया।
साइबर पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बिना नंबर की स्कॉर्पियो और वर्दीधारी बदमाशों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी एक मोबाइल फोन रास्ते में फेंक गए थे, जिसकी लोकेशन घटबोरी रोड के आसपास बताई जा रही है। मामले की जांच के लिए धार साइबर टीम को भी बाग भेजा गया है।
एसपी मयंक अवस्थी के निर्देश पर आसपास के थानों और पड़ोसी जिलों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस ने कई स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.