पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में मंगलवार की सुबह लगभग 2:30 बजे STF और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो कुख्यात अपराधी मारे गए, जबकि STF का एक जवान शहीद हो गया।
मारे गए अपराधियों की पहचान
मारे गए अपराधियों की पहचान कुंदन ठाकुर और प्रियंशु दुबे के रूप में हुई है। दोनों अपराधी चकिया थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं और उन पर पहले आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। जानकारी मिली है कि मुठभेड़ से पहले कुंदन ठाकुर ने चकिया थाना के अपर थानाध्यक्ष को नेपाल के नंबर से फोन कर धमकी दी थी। फोन पर उसने कहा, “सर, न्यूज में देख रहे हैं कि पुलिस और अपराधियों की मुठभेड़ में एक बदमाश घायल है। पता है अगला न्यूज क्या होगा? अपराधी और पुलिस की मुठभेड़ में दस से पंद्रह पुलिसकर्मियों की मौत और अपराधी फरार। गुंडागर्दी क्या होती है, आपको और पूरे शहर को दिखा देंगे।”
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की
धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कॉल ट्रेसिंग शुरू की और जल्दी ही अपराधियों का लोकेशन पता लग गया। इसके बाद पुलिस और STF की टीम मौके पर पहुंची और अपराधियों को चारों ओर से घेर लिया। घिरते देख कुंदन ठाकुर और प्रियंशु दुबे ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कुछ देर तक गोलाबारी जारी रही। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से दोनों अपराधी ढेर हो गए।
ये भी पढ़ें: पटना में बालू माफियाओं का पुलिस पर हमला, जवाब में कई राउंड फायरिंग; इलाके में मचा हड़कंप
इस मुठभेड़ में STF का एक जवान श्री राम यादव शहीद हो गया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद DIG से लेकर SP तक मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर रखा है और छुपे हुए अपराधियों की तलाश जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.