मोतिहारी पुलिस ने छपरा जिले के मसरख थाना क्षेत्र स्थित रामजानकी मंदिर में हुई चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार चोर के पास से मंदिर से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया है
कल्याणपुर थानाध्यक्ष विनीत कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के खटोलवा गांव में एक संदिग्ध व्यक्ति छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना क्षेत्र निवासी राजन कुमार को हिरासत में लिया।
तलाशी में मिले चांदी के जेवर
संदिग्ध की तलाशी लेने पर उसके पास से दो चांदी की पायल, दो चांदी की बिछिया, दो चांदी के हाथ के कंगन, एक सोने जैसी अंगूठी, एक जोड़ी कान की बाली और एक कीपैड मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद हुआ। बरामद जेवरात देखकर पुलिस का शक गहरा गया कि यह मंदिर चोरी से संबंधित हो सकता है।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी राजन कुमार ने स्वीकार किया कि वह 5 जनवरी को मसरख थाना क्षेत्र के रामजानकी मंदिर में हुई चोरी की घटना में शामिल था। उसने बताया कि इस दौरान राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियों से जेवरात चुराए गए थे।
आरोपी को मसरख पुलिस को सौंपने की तैयारी
मोतिहारी पुलिस ने इस मामले की सूचना मसरख थाना पुलिस को दे दी है। अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस वारदात में उसके साथ और कौन-कौन शामिल थे। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मसरख पुलिस को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.