Amazing Story: शादी की रस्में पूरी हुए अभी दो दिन ही बीते थे और ससुराल में नई जिंदगी की शुरुआत हो चुकी थी. इसी बीच एक ऐसा मोड़ आया, जिसने पूरे परिवार को हैरानी में डाल दिया. पढ़ाई और परीक्षा का बहाना बनाकर घर से निकली नई नवेली दुल्हन अचानक गायब हो गई. कुछ ही घंटों में मामला भरोसे के टूटने, गहनों और नकदी के गायब होने तक पहुंच गया. देखते ही देखते यह घटना गांव से लेकर थाने तक चर्चा का विषय बन गई और परिवार न्याय की गुहार लगाने को मजबूर हो गया.
शादी के महज दो दिन बाद ही एक नवविवाहिता अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई.
कॉलेज गेट पर पति को बाहर खड़ा कर गई दुल्हन
परिवार वालों के अनुसार, शादी के दूसरे ही दिन यानी 22 फरवरी को दुल्हन ने कॉलेज में परीक्षा होने की बात कही. वह पति के साथ मोतिहारी कॉलेज गई. बताया जाता है कि कॉलेज गेट पर पति को बाहर खड़ा कर वह अंदर जाने की बात कहकर चली गई, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी. जब पति ने तलाश शुरू की तो पता चला कि वह अपने मायके के एक युवक के साथ फरार हो गई है. ससुराल पक्ष का आरोप है कि दुल्हन अपने साथ मायके और ससुराल दोनों जगह के जेवरात के अलावा करीब एक लाख रुपये नकद भी लेकर चली गई.
लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद दूल्हे के परिवार ने तुरकौलिया थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक दुल्हन की मां आंगनबाड़ी सेविका है, जबकि लड़की शादी से पहले एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी. वहीं दूल्हा पेशे से ड्राइवर बताया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि शादी से पहले ही दुल्हन का किसी युवक से प्रेम संबंध था, लेकिन परिवार ने उसकी शादी कहीं और कर दी. माना जा रहा है कि मौका मिलते ही वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई. घटना की खबर इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई है. गांव और आसपास के क्षेत्रों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
लोग शादी के तुरंत बाद दुल्हन के फरार होने को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है. लड़की की तलाश की जा रही है और सभी संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुल्हन अपने साथ कितनी संपत्ति लेकर गई और किसके साथ फरार हुई. फिलहाल यह मामला प्रेम प्रसंग, विश्वासघात और पारिवारिक विवाद के रूप में इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी.
About the Author

A Multimedia Journalist having experience of more than 14 years in mainstream media Industry. Currently Working with Network 18 Media & Investment Limited for News18 Hindi Website as a Chief Sub Editor. He …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.