हरियाणा के पंचकूला जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मोरनी की पहाड़ियों में बुधवार अल सुबह हादसा सामने आया है। पंचकूला-मोरनी मार्ग पर मांधना गांव के पास पर्यटकों से भरी एक महिंद्रा थार गाड़ी बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 21 वर्षीय युवक अभिषेक खत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरानी की बात यह है कि हादसा रात के करीब 3:00 बजे हुआ, लेकिन घायलों को मदद सुबह 8:30 बजे मिल सकी। वे पांच घंटे तक घायलावस्था में तड़पते रहे। हरमिलाप नगर निवासी विवेक, मोहाली निवासी आयुष ठाकुर व ललित घायल हुए हैं। हादसे का शिकार हुए सभी युवक 18 से 30 वर्ष की आयु के हैं। देखें हादसे से जुड़े 3 PHOTOS… पार्टी कर लौटते समय हुआ हादसा मृतक अभिषेक खत्री पंचकूला के सेक्टर-15 का रहने वाला है। अभिषेक ने कोरोना काल में 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और उनके पिता हरमिलाप नगर में ढाबा चलाते हैं। चचेरे भाई मनोज ने बताया कि रात 11:00 बजे 8 दोस्त दो अलग-अलग गाड़ियों (थार और वैगन-आर) में सवार होकर मोरनी पार्टी करने गए थे। स्पीड ज्यादा होने से हादसा मांधना गांव के ग्रामीणों के अनुसार, थार की रफ्तार बहुत ज्यादा थी और मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से वह सीधे 70 से 80 मीटर गहरी खाई में जा समाई। तेज आवाज सुनकर सुबह जब लोग मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने घायलों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। फिलहाल तीनों घायलों को सेक्टर-6 पंचकूला के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.