नवादा की बड़ी दरगाह मोहल्ला में रविवार रात सूदखोरों ने एक ही परिवार पर हमला कर दिया। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
1000 उधार लिया था, रोज 300 लौटाने की मांग
घायलों नगमा खातून, मोहम्मद जावेद, अखिल खातून और रोशनी परवीन ने बताया कि उन्होंने मोहल्ले के एक युवक से सिर्फ ₹1000 उधार लिया था। बदले में आरोपी रोज ₹300 लौटाने की बात कहता था। पीड़िता का दावा है कि उसने तय रकम के अनुसार पैसे भी दे दिए थे।
और पैसे मांगे, विरोध पर घर में घुसकर मारपीट
परिवार का आरोप है कि तय राशि लौटाने के बाद भी आरोपी और उसके साथी जबरन और पैसे मांगने लगे। विरोध करने पर सभी घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों को पीट-पीटकर घायल कर दिया। पीड़ितों का आरोप है कि उनसे अब ₹5 लाख की वसूली की जा रही है।
मोहल्ले में पहले भी ब्याज पर पैसे देकर जमीन हड़पने की कोशिश
स्थानीय लोगों के मुताबिक बड़ी दरगाह मोहल्ला में ब्याज पर पैसे देने और बाद में धमकाकर जमीन–मकान हड़पने का खेल लंबे समय से चल रहा है। पुलिस रिकॉर्ड में कुछ महिलाओं सहित कई लोगों के नाम भी पहले से दर्ज हैं।
पीड़ित देंगे आवेदन, पुलिस ने आरोपियों की पहचान की
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे नगर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग करेंगे।नगर थाना प्रभारी ने कहा—“आवेदन मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। कुछ आरोपी चिन्हित किए जा चुके हैं, पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सभी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।”
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.