रोहतक के एक व्यक्ति से जमीन बेचने के नाम पर 23 लाख 20 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोखरा गांव के एक परिवार और एक बिचौलिए ने बयाना की राशि लेने के बाद जमीन किसी और को बेच दी। इस संबंध में महम थाने में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रोहतक के सेक्टर-34 स्थित सनसिटी एरिया के रहने वाले बजरंग लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि झज्जर के भापड़ौदा गांव के रहने वाले हरिओम ने उसकी मुलाकात मोखरा निवासी महिपाल से करवाई थी। महिपाल ने उसे मोखरा गांव में अच्छी जमीन दिलाने का वादा किया। बजरंग लाल और हरिओम जब जमीन देखने मोखरा पहुंचे, तो महिपाल ने उनकी मुलाकात जमीन मालिक राजबाला से करवाई। वहां राजबाला के पति रोहतास और बेटे विकास भी मौजूद थे। 19 कनाल 18 मरले जमीन का सौदा शिकायतकर्ता के अनुसार, महिपाल और जमीन मालिकों पर भरोसा करते हुए उसने महिपाल के साथ 19 कनाल 18 मरले जमीन का सौदा तय किया। बजरंग लाल ने अलग-अलग किस्तों में महिपाल को कुल 23 लाख 20 हजार रुपए का भुगतान किया। जमीन की रजिस्ट्री का दिन भी तय हो गया था। रजिस्ट्री से पहले खुला धोखाधड़ी का राज जब बजरंग लाल महम तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री के कागजात तैयार करवाने पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि सौदा की गई जमीन में से 12 कनाल 8 मरले जमीन पहले ही बहु अकबरपुर गांव की रेखा रानी को बेची जा चुकी थी। शेष 8 कनाल जमीन बहादुरगढ़ निवासी अंकित को बेच दी गई थी। चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू बजरंग लाल ने आरोप लगाया कि राजबाला, रोहतास, विकास और महिपाल ने मिलकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ महम थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.