बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान समस्तीपुर जिले में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होती दिखी थी, लेकिन उनके दौरे के बाद कई योजनाएं अधूरी ही लटक गईं। ऐसा ही एक मामला समस्तीपुर के केवस निजामत पंचायत में सामने आया है, जहां मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर एक मॉडल पार्क बनाने की योजना शुरू की गई थी, लेकिन अब यह काम अधूरा पड़ा है।
समृद्धि यात्रा से पहले तैयार हुआ था ब्लूप्रिंट
जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी को समस्तीपुर में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा से पहले जिला प्रशासन की ओर से केवस निजामत पंचायत में एक मॉडल पार्क बनाने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया था। हालांकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम इस पंचायत में नहीं हो सका, लेकिन पार्क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था।
एक करोड़ से अधिक की योजना
बताया जा रहा है कि इस मॉडल पार्क के निर्माण के लिए करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की योजना स्वीकृत की गई थी। पार्क में बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क, झूले और स्लाइडर, ओपन जिम, लाइटिंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे और मुख्य प्रवेश द्वार बनाने की योजना थी।
भुगतान नहीं मिलने से रुका निर्माण
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पार्क निर्माण का काम करने वाले संवेदक को अब तक भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण निर्माण कार्य रुक गया है। इसके चलते पार्क का ढांचा अधूरा ही पड़ा हुआ है और यहां काम बंद हो गया है।
ये भी पढ़ें: राजेंद्र सेतु के नीचे अज्ञात शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे से पहले विकास कार्यों का सपना दिखाया जाता है, लेकिन उनके जाने के बाद योजनाएं अधूरी रह जाती हैं। अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर यह पार्क कब तक पूरा होगा और पंचायत को इसका लाभ कब मिलेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.