Last Updated:
Chapra Farmer Mixed Farming Strategy: छपरा के किसान सुरेंद्र सिंह मिश्रित खेती से इस कदर मुनाफा कमा रहे हैं कि अब आसपास वाले उनसे सीखने आते हैं. उन्होंने यूट्यूब पर देखकर और वैज्ञानिक तरीके अपनाकर इस प्रकार खेती की है कि एक ही खेत से डबल कमाई हो जाती है. जानिए कैसे.
छपरा. छपरा के किसान अब एक ही बार की मेहनत और लागत में खेती से तगड़ी कमाई कर रहे हैं. जिले के गरखा प्रखंड के अडूपुर गांव निवासी किसान सुरेंद्र सिंह की खेती का तरीका इन दिनों चर्चा में है. वे एक ही खेत में एक साथ कई फसल लगाकर बेहतर मुनाफा कमा रहे हैं. उनकी खास रणनीति यह है कि एक फसल ऐसी लगाई जाती है, जो 20 से 25 दिनों में तैयार हो जाती है. उसे बेचकर वे पूरी लागत और मेहनत की भरपाई कर लेते हैं.
एक खेत से दो बार कमाई
सुरेंद्र सिंह ने अपने खेत में पालक और भिंडी की मिश्रित खेती की है. मेड़ बनाकर दोनों किनारों पर पालक लगाया गया है, जबकि बीच की खाली जगह में भिंडी बोई गई है. पालक 20 से 25 दिनों में तैयार हो जाता है और उसे काटकर बाजार में बेच दिया जाता है. पालक की बिक्री से ही खेती की लागत निकल आती है. इसके बाद भिंडी का फलन शुरू होता है, जो तीन से चार महीने तक चलता है. इस दौरान भिंडी बेचकर किसान अतिरिक्त और अच्छी कमाई करते हैं.
करते हैं कई प्रकार की खेती
खेती का यह खास आइडिया उन्हें कृषि वैज्ञानिकों के संपर्क में आने के बाद मिला. पहले वे सामान्य तरीके से खेती करते थे, लेकिन मांझी के कृषि वैज्ञानिकों से प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने एक ही खेत से कई फसल उगाने की तकनीक अपनाई. वर्तमान में वे लगभग 12 बीघा में हरी सब्जियों की खेती कर रहे हैं. उनके इस मॉडल को अन्य किसान भी पसंद कर रहे हैं. खेती के साथ-साथ वे अमरूद और कागजी नींबू की बागवानी कर भी अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं.
सही तकनीक से खेती बनेगी एटीएम
सुरेंद्र सिंह बताते हैं कि फिलहाल उन्होंने गर्मी की सब्जियां लगाई हैं. एक ही खेत में पालक और भिंडी उगाई है. 20 से 25 दिन में पालक तैयार होकर बिक जाता है, जिससे खेत का पूरा खर्च निकल जाता है. इसके करीब 45 दिन बाद भिंडी का उत्पादन शुरू हो जाता है और दो से तीन महीने तक नियमित तोड़ाई कर बिक्री की जाती है.
वे बताते हैं कि कृषि वैज्ञानिकों से प्रशिक्षण और यूट्यूब से जानकारी लेकर उन्होंने यह तरीका अपनाया है. वे अन्य किसानों को भी निशुल्क प्रशिक्षण देते हैं और कहते हैं कि सही तकनीक अपनाकर किसान अपनी खेती को एटीएम की तरह बना सकते हैं, जहां से प्रतिदिन आय संभव है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.