छिंदवाड़ा: जिले के कुण्डीपुरा थाना अंतर्गत धर्मटेकरी चौकी से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। सारना निवासी पीड़ित परिवार मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की गुहार
पीड़ित पक्ष ने बताया कि 28 दिसंबर की सुबह अभिषेक और आलोक घर से छिंदवाड़ा जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अमन खत्री सहित करीब 10 युवक उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद जब पीड़ित शिकायत लेकर धर्मटेकरी चौकी पहुंचे तो पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
रात में फिर हुआ हमला, जमकर बरसाए पत्थर
पीड़ितों का आरोप है कि उसी रात आरोपियों का एक बड़ा झुंड फिर उनके घर पहुंचा और पत्थरबाजी शुरू कर दी। हमले में घर के बाहर खड़ी गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पत्थर घर के अंदर तक पहुंचे, जिससे नाबालिग बहन घायल हो गई, वहीं मारपीट में युवक के कान से खून निकल आया।
इसके बाद 112 पर कॉल करने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों को चौकी ले जाया गया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी पुलिस ने उनकी शिकायत के अनुसार मामला दर्ज नहीं किया और इसे सामान्य विवाद का मामला बताकर दर्ज कर लिया गया।
नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप
पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी युवक नाबालिग बहन को स्कूल और ट्यूशन जाते समय रोकते थे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते थे। बहन की शिकायत पर उसका भाई भोपाल से छिंदवाड़ा पहुंचा और जब उसने युवकों को समझाइश देने की कोशिश की तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद मामला और भड़क गया और आरोपियों ने घर पर ही हमला कर दिया।
एमएलसी नहीं कराई गई
पीड़ितों का कहना है कि मारपीट के बाद पुलिस ने एमएलसी कराने को कहा, लेकिन एमएलसी के लिए कोई कांस्टेबल साथ नहीं भेजा गया, जिससे मेडिकल जांच नहीं हो सकी। इसी आक्रोश में पीड़ित युवक ने चौकी के अंदर वीडियो बनाया, जो अब सामने आया है। वीडियो में युवक चौकी प्रभारी से एमएलसी को लेकर सवाल करता नजर आ रहा है, जिस पर चौकी प्रभारी यह कहते सुने जा रहे हैं कि सीधे अस्पताल जाने पर भी एमएलसी हो जाती है।
एसपी और कलेक्टर से शिकायत
पूरे मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक और छिंदवाड़ा कलेक्टर से शिकायत की है। साथ ही घटना से जुड़े फोटो और वीडियो साक्ष्य भी सौंपे गए हैं। पीड़ित परिवार ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.