अमृतसर में गुरुवार को मिनिस्ट्रियल सर्विसेज यूनियन की प्रदेश कमेटी के आह्वान पर जिला इकाई अमृतसर ने पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला जनरल सचिव जगदीश ठाकुर, जिला मुख्य प्रवक्ता तेजिंदर सिंह ढिल्लों, जिला वित्त सचिव गुरमुख सिंह चाहल, सीनियर उपप्रधान अमन थरियेवाल और मीडिया इंचार्ज अतुल शर्मा के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने पुरानी पेंशन स्कीम से जुड़े अधूरे नोटिफिकेशन और 17/07/2020 के नोटिफिकेशन की प्रतियां जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर एक जिला स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें 8 मार्च 2026 को चंडीगढ़ में यूनियन द्वारा किए जाने वाले एक्शन में भाग लेने की तैयारियों पर चर्चा हुई। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें यूनियन नेताओं ने सरकार से कई प्रमुख मांगें कीं। इनमें कर्मचारियों की लंबित डीए की किश्तें जारी करना, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करना, 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार भर्ती कर्मचारियों के लिए 17 जुलाई 2020 का पत्र रद्द करने, और 4, 9 व 14 एसीपी स्कीम को बहाल करना शामिल है। अन्य मांगों में तरस (अनुकंपा) के आधार पर भर्ती हुए क्लर्कों को टाइप टेस्ट से छूट देकर कंप्यूटर कोर्स लागू करना, वेतन आयोग की त्रुटियों को दूर करना और कटे हुए भत्तों को बहाल करना भी शामिल था। प्रदर्शनकारियों में यह लोग रहे शामिल इस अवसर पर विभिन्न विभागों से मलकीयत सिंह, तेजिंदर कुमार, बिक्रमजीत सिंह क्लेर, सुरिंदर सिंह, जिमी बधवार, संजय शर्मा, लखविंदर सिंह, हीरा भुल्लर, बलजीत सिंह बली, राजन, प्रीति, गुरवेल सिंह सेखों, राकेश बाबोवाल, कमलजीत सिंह, जसबीर सिंह, परविंदर सिंह और गुरिंदर सिंह सहित कई कर्मचारी उपस्थित थे। भ्रातृ संगठनों की ओर से प्रधान जोगिंदर सिंह भी अपने साथियों के साथ मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.