हरियाणा के नूंह में मेघालय पुलिस ने एटीएम लूट के आरोपी को ले जाते समय शिकरावा गांव में फायरिंग की, जिसमें एक युवक घायल हो गया. पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में फायरिंग की गई है. घटना के दौरान पुलिस पर पथराव करते हुए आरोपी को छुड़वाने की कोशिश की गई थी. हालांकि, ग्रामीण मेघालय पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं.
घटना के अनुसार, हरियाणा के नूंह जिले के बाजिदपुर पिनगवां थाना निवासी राहुल खान पुत्र रफीक पर मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले के मावंगाप थाने में एफआईआर धारा 305(a), 111(2)(b), 326(f), 3(5) के तहत लाखों रुपये की एटीएम मशीन लूट का मामला दर्ज था.
आरोपी को 8 फरवरी को पुन्हाना सीआईए टीम की मदद से गिरफ्तार कर मेघालय पुलिस के हवाले किया गया था. मेघालय पुलिस आरोपी राहुल खान को लेकर वापस जा रही थी, तभी शाम करीब 6 बजे ढाबा शिकरावा-भादस रोड पर स्थानीय ग्रामीणों और बाजिदपुर गांव के लोगों ने पुलिस पार्टी पर पथराव कर आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की. भीड़ जमा होने और स्थिति बेकाबू होने पर मेघालय पुलिस ने बचाव में फायरिंग की. इस दौरान गोली तारिफ पुत्र हमीद शिकरावा निवासी के बाएं पैर की जांघ के ऊपर लग गई, जिससे वह घायल हो गया.
घायल का चल रहा है इलाज
घायल तारिफ को नल्हड मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए ले जाया गया है. मेघालय पुलिस की टीम आरोपी राहुल खान के साथ पिनगवां थाने पहुंच चुकी है, जहां प्रभारी अधिकारी मौके पर मौजूद थे. नूंह पुलिस सूत्रों के अनुसार फायरिंग आत्मरक्षा में और आरोपी को पकड़ने के लिए की गई. राहुल खान एटीएम लूट का मुख्य आरोपी है. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस के जवान फायरिंग करते दिख रहे हैं. कुछ ग्रामीणों ने इसे पुलिस की गलत कार्रवाई बताते हुए विरोध जताया है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal, a Season journalist with 14 years of experience across print and digital media. I have worked with some of India’s most respected news organizations, including Dainik Bhaskar, IANS, Punjab K…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.