हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी धर्मशाला के मैक्लोडगंज में आध्यात्मिक मुलाकात के नाम पर विदेशी पर्यटकों से मोटी रकम वसूलने का मामला सामने आया है। रूस से आए एक हाई-प्रोफाइल पर्यटक दल से कथित तौर पर प्रति व्यक्ति 1500 अमेरिकी डॉलर, यानी करीब 1.25 लाख से 2 लाख रुपए तक लिए जाने की बात सामने आई है। ग्रुप लीडर ने इस कथित वसूली पर आपत्ति जताई, मामला सुर्खियों में आ गया। अब केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां और प्रदेश का खुफिया विभाग पूरे प्रकरण की जांच में जुट गए हैं। पुलिस में इसको लेकर कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। ऐसे पकड़ में आया मामला जानकारी के अनुसार, रूसी दल को किसी ‘खास हस्ती’ या आध्यात्मिक गुरु से निजी तौर पर मुलाकात कराने का भरोसा दिया गया था। इसके बदले मोटी रकम ली गई। बाद में जब ग्रुप लीडर को संदेह हुआ कि यह कोई आधिकारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सुनियोजित वसूली है तो उन्होंने कड़ा विरोध जताया। हालांकि स्थानीय पुलिस का कहना है कि अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। किसी मुलाकात के लिए कोई शुल्क निर्धारित नहीं है मीडिया में मामला आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। विदेशी नागरिकों से जुड़ा मामला होने के कारण इसे सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, संबंधित संस्थाओं ने भी इस घटनाक्रम का संज्ञान लिया है। आधिकारिक रूप से ऐसी किसी भी आध्यात्मिक मुलाकात के लिए शुल्क निर्धारित नहीं है, जिससे संदेह और गहरा गया है। डिटेल खंगाली जा रही है जांच एजेंसियां उस होटल की जानकारी जुटा रही हैं, जहां रूसी दल ठहरा था। साथ ही कितनी राशि, किस माध्यम से और किस खाते में ट्रांसफर की गई, इसकी डिटेल खंगाली जा रही है। पैसों के लेन-देन के प्रत्यक्ष साक्ष्य जुटाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। संबंधित रूसी दल मंगलवार सुबह धर्मशाला से दिल्ली रवाना हो गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.