एचआरटीसी वोल्वो बस के गलत स्थान से यात्री हो रहे परेशान
बरसात के मौसम से मैक्लोडगंज के लिए बंद है वोल्वो बस सेवा
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। एचआरटीसी मंडल धर्मशाला की ओर से धर्मशाला–मैक्लोडगंज रूट पर संचालित वोल्वो बस सेवा को लेकर यात्रियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल पर बस का प्रस्थान स्थल मैक्लोडगंज दर्शाया जा रहा है, जबकि बस वास्तव में धर्मशाला बस अड्डे से रवाना हो रही है।
इस विसंगति के कारण खासकर बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री मैक्लोडगंज पहुंचने के बाद बस न मिलने पर असमंजस में पड़ जाते हैं और उन्हें धर्मशाला तक अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों की हानि हो रही है।
जानकारी के अनुसार, धर्मशाला से दिल्ली के लिए चलने वाली वोल्वो बसों की ऑनलाइन बुकिंग के दौरान प्रस्थान स्थल मैक्लोडगंज दर्शाया जा रहा है, जबकि बसें धर्मशाला बस अड्डे से ही संचालित की जा रही हैं। बरसात के मौसम से मैक्लोडगंज बाईपास मार्ग बंद होने के कारण बसों का संचालन अस्थायी रूप से धर्मशाला से किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस सेवा धर्मशाला से चलाई जा रही है तो ऑनलाइन पोर्टल पर भी प्रस्थान स्थल की सही जानकारी अपडेट की जानी चाहिए। गलत जानकारी से यात्रियों की सुविधा प्रभावित हो रही है और पर्यटन नगरी की छवि पर भी असर पड़ रहा है।
उधर, एचआरटीसी धर्मशाला के क्षेत्रीय प्रबंधक साहिल कपूर ने बताया कि बरसात के दौरान मैक्लोडगंज बाईपास बंद होने से बसों का संचालन धर्मशाला बस अड्डे से किया जा रहा है। सड़क बहाल होने के बाद वोल्वो बसों को दोबारा मैक्लोडगंज से ही चलाया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.