गोपालगंज के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा गांव में एक विवाहिता की धारदार हथियार से रविवार को हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मुन्ना साह की पत्नी रीना देवी (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हत्या का आरोप विवाहिता के भसुर और जेठानी पर लगाया गया है। घटना के समय रीना का 4 साल का बेटा दूसरे कमरे में बंद था। मृतका के भाई भीखम ने बताया कि, ‘पति शादी के 2 साल बाद मारपीट करता था, मेरी बहन को छोड़ना चाहता था, साथ ही मारपीट कर प्रताड़ित करता था।’ वहीं यह पूरी घटना मृतका के बेटा सोहम (4) के आंखों के सामने हुई।
हमको अपने रूम में बंद कर दिया था – सोहम
4 साल के मासूम सोहम ने बताया कि, ‘मम्मी को बड़े पापा, बड़ी मम्मी, उनकी बेटी और बेटा रितेश मारपीट कर रहे थे, मैं रो रहा था तो कहते थे कि चुप चाप रहो।’ उसने बताया कि, ‘बड़ी मम्मी हाथ पकड़ी थी बड़े पापा पैर और रितेश टांगी से आंख पर मार दिया था। हमको अपने रूम में बंद कर दिया था।’

दो बच्चों की मौत हो गई थी – भीखम
मृतका के भाई भीखम ने बताया, ‘रीना देवी ने 7 साल पहले दिघवा गांव निवासी मुन्ना साह से प्रेम विवाह किया था। यह विवाह परिवार की मर्जी के खिलाफ था। शादी के बाद मुन्ना अपनी पत्नी को घर ले आया, जहां शुरुआत में परिवार ने विरोध किया, लेकिन बाद में रीना को स्वीकार कर लिया गया। दंपती के तीन बच्चे हुए, जिनमें से दो की मौत हो गई थी।’

”अंतरजातीय विवाह को लेकर परिवार अक्सर ताने मारता था”
मृतका के भाई भीखम ने बताया कि, ‘मेरी बहन की हत्या की गई है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि, ‘भसुर और उसके बेटे द्वारा किस्त पर खरीदी गई बाइक बार-बार मांगी जाती थी। आज भी बाइक मांगने पर विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या कर दी गई और बाइक लेकर फरार हो गए।’
भीखम ने यह भी बताया कि रीना के अंतरजातीय विवाह को लेकर परिवार अक्सर ताने मारता था और उसे घर से निकालने की कोशिश करता था। रीना के पति मुन्ना साह चेन्नई में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद से घर के अन्य सदस्य फरार हैं, लेकिन पुलिस ने ससुर को हिरासत में ले लिया है।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेजा गया।

मौके पर जुटी लोगों की भीड़।

गर्दन पर कटा हुआ निशान मिला – थानाध्यक्ष सुभाष कुमार
फिलहाल इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक महिला ने फांसी लगा ली है सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल किया गया तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 को सूचित किया गया एवं घटनास्थल के इंस्पेक्शन के लिए FSL टीम को सूचित किया गया। घटनास्थल पर FSL टीम द्वारा घटनास्थल एवं मृतिका के शव का जांच करते हुए साक्ष्य को एकत्रित किया गया तथा मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेजा गया है।
मृतका के शव का निरीक्षण के क्रम में गर्दन पर कटा हुआ निशान मिला और आंख पर जख्म का निशान पाया गया है, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है, मृतिका के परिजनों से आवेदन प्राप्त कर कांड दर्ज किया जायेगा। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.