सुपौल जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना किशनपुर थाना क्षेत्र के नेमनमा चौक के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नेमनमा चौक के समीप तेज रफ्तार में आ रही दो बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में इलाज के दौरान एक और युवक की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सुपौल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां दो घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पढ़ें: मुजफ्फरपुर में इंटर परीक्षा के बाद बवाल, छात्र को गोदाम से खींचकर पीटा; पुलिस जांच में जुटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी युवक 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के थे। एक बाइक पर तीन युवक सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
किशनपुर थाना के एएसआई पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दो मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में किशनपुर थाना क्षेत्र के राजपुर वार्ड-01 निवासी रामचंद्र मंडल के पुत्र विक्की कुमार और बैद्यनाथ साह के पुत्र ब्रजेश कुमार शामिल हैं। तीसरे मृतक तथा दो अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।
इधर, ब्रजेश कुमार के पिता बैद्यनाथ साह ने दावा किया है कि हादसा किसी अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन की टक्कर से हुआ। उन्होंने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले ब्रजेश घर पर ही था और भोजन के बाद निकला था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.