छत्तीसगढ़ के धमतरी में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी मनीष साहू का शहर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-बाजे और पुष्प वर्षा के साथ महापौर सहित शहर के गणमान्य नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया।
शहर के युवा फाइटर मनीष साहू ने मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित अनडिनायबल फाइटिंग चैंपियनशिप में यह उपलब्धि हासिल की। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की एमएमए (मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स) प्रतियोगिता 22 और 23 दिसंबर को आयोजित हुई थी।
इस प्रतियोगिता में मनीष साहू ने कुल दो मुकाबले लड़े। उन्होंने पहला मुकाबला जम्मू-कश्मीर के फाइटर से और दूसरा पूर्वी अफ्रीका के फाइटर से खेला। दोनों मुकाबलों में बेहतरीन तकनीक, दमखम और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए मनीष ने जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
कड़ा और रोमांचक मुकाबला
मनीष साहू और पूर्वी अफ्रीकी फाइटर के बीच का मुकाबला काफी कड़ा और रोमांचक रहा। इस मुकाबले के बाद दोनों के बीच 2026 में एक बड़े ‘फाइट नाइट’ स्तर के इवेंट में री-मैच तय किया गया है। यह वन-ऑन-वन मुकाबला बेहद हाई-प्रोफाइल और रोमांचक होने की उम्मीद है।
लौटने पर हुआ भव्य स्वागत
लौटने के बाद घड़ी चौक पर उनका भव्य स्वागत किया गया। मनीष साहू ने बताया कि उन्होंने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए दो हैवी कैटेगरी में मुकाबले खेले। उन्होंने युवाओं और राज्य सरकारों से अपील की कि वे एथलीटों का समर्थन करें, ताकि वे शीर्ष स्तर पर जाकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें।

धमतरी के लिए गर्व का क्षण- महापौर
मनीष ने यह भी बताया कि मैच जीतने के बाद रिंग के बाहर ‘छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया’ का नारा गूंज उठा था। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह निश्चित रूप से बड़े गर्व का विषय है कि मनीष साहू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेकर धमतरी का नाम रोशन किया है।

Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.