मंडी जिले की सुंदरनगर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खुराहल गांव के दो मुख्य नशा सप्लायरों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह वर्ष 2026 में जिला मंडी में अब तक की सबसे बड़ी चिट्टे की बरामदगी है। जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर पुलिस की एक टीम डैहर क्षेत्र के अलसु चौक पर नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान चंडीगढ़ से आने वाली गाड़ियों की गहन जांच की जा रही थी। जांच के क्रम में, एक कार (नंबर एचपी 31 9134) को रोका गया, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। कार की तलाशी लेने पर एक लिफाफा मिला, जिसमें 134 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों पर पहले से 7 केस दर्ज गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार उर्फ खिन्दू (42), पुत्र रामशरण, निवासी खुराहल, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी के रूप में हुई है। सुरेंद्र के खिलाफ पहले से 6 मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी की पहचान रिंकू (33), पुत्र निरंजन, निवासी खुराहल, तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ एक मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, ये दोनों क्षेत्र में चिट्टे के मुख्य सप्लायर बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोग भी इनकी गतिविधियों से परेशान थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी बोले- जारी रहेगा अभियान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंडी पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है, जिससे कई युवाओं की जिंदगी बर्बाद होने से बची है। उन्होंने जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.