मंडी-धर्मपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर मंगलवार को दो हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसें कीचड़ में फंस गईं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोगों को 7 से 8 किलोमीटर पैदल चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। एक बस को ढाई घंटे बाद सड़क से निकाला जा सका। पहली घटना कुम्हरडा के पास सकलाना धर्मपुर मंडी रूट पर हुई, जहां एक बस कीचड़ में धंस गई। दूसरी घटना सुबह 7 बजे ढलवानी से मंडी रूट पर आ रही HRTC बस के साथ हुई, जिसके पहिए सड़क पर जमा मिट्टी में फंस गए। इन घटनाओं के कारण सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार, NH निर्माण कर रही कंपनी सड़क की कटाई के दौरान मिट्टी को सड़क पर ही फेंक रही है। बारिश होने के बाद यह मिट्टी कीचड़ में बदल जाती है, जिससे वाहनों के पहिए धंस जाते हैं और आवाजाही बाधित होती है। सड़क पर मिट्टी और फिसलन के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जिससे कई लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। सुबह के समय नौकरीपेशा लोगों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को दो घंटे तक पैदल चलना पड़ा। लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया गया है। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान देने और सड़क से मिट्टी हटाने की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.