शाहाबाद डीआईजी के निर्देश पर बक्सर जिले में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से कई थानाध्यक्षों को पुलिस लाइन भेजकर नए अधिकारियों को विभिन्न थानों की जिम्मेदारी दी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, औद्योगिक थाना के थानाध्यक्ष संजय कुमार, कृष्णाब्रह्म थाना के संदीप कुमार राम, एससी-एसटी थाना के मनीष कुमार शर्मा, नावानगर थाना के कुसुम कुमार केसरी और धनसोई थाना के रितेश कुमार दूबे को पुलिस केंद्र (पुलिस लाइन) स्थानांतरित किया गया है। इन अधिकारियों को अभी किसी थाने की कमान नहीं सौंपी गई है।
सुरेश कुमार सिंह को औद्योगिक थाना की मिली कमान
वहीं, पुलिस केंद्र में तैनात पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह को औद्योगिक थाना की कमान सौंपी गई है। ब्रह्मपुर थाना में पदस्थापित राहुल कुमार एससी-एसटी थाना के नए थानाध्यक्ष होंगे। डीआईयू में तैनात रवि कुमार को कृष्णाब्रह्म थाना की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अतिरिक्त, नगर थाना में तैनात विकास कुमार-1 को धनसोई थाना का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, नगर थाना में ही पदस्थापित प्रफुल्ल कुमार को नावानगर थाना का प्रभारी बनाया गया है।
24 घंटे में पदभार संभालने का आदेश
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया है। इसकी लिखित सूचना पुलिस अधीक्षक कार्यालय को देनी होगी, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह बड़ा प्रशासनिक कदम हाल ही में कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों, लंबित विवेचनाओं और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि नए थानाध्यक्षों की तैनाती से थानों की कार्यशैली में सुधार होगा, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा और जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ेगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.