मैहर में शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। बजट को लेकर विरोध और नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता अलाउद्दीन तिराहे पर एकत्र हुए थे। प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन किया जा रहा था, तभी अचानक आग की लपटें तेज हो गईं और मौके पर तैनात एक पुलिस अधिकारी इसकी चपेट में आ गए।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पुतला दहन कर रहे थे। पुतले में डाले गए ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग तेजी से भड़क गई। इसी दौरान वहां मौजूद यातायात प्रभारी विक्रम पाठक की वर्दी में आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।तत्काल मौजूद पुलिसकर्मियों और कुछ कार्यकर्ताओं ने सूझबूझ दिखाते हुए विक्रम पाठक की वर्दी पर लगी आग बुझाई। कुछ ही मिनटों में स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।
अस्पताल में इलाज जारी
घायल यातायात प्रभारी को तुरंत मैहर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, हालांकि उन्हें हल्की जलन की चोटें आई हैं।
वीडियो आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुतला दहन के दौरान आग की लपटें और उसके बाद की अफरा-तफरी देखी जा सकती है। वीडियो में पुलिसकर्मी आग बुझाते नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: विधानसभा की कार्रवाई शुरू, सिरोंज-लटेरी में अधूरे बिजली कार्यों पर हुए सवाल
पुलिस ने शुरू की जांच
मैहर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह देखा जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, तथा पुतला दहन के दौरान आग पर नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं।
प्रशासन की ओर से भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.