27 मार्च को रामनवमी मनाई जाएगी। इसके लिए पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बार 24 हजार किलो नैवेद्यम तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। 18 हजार किलो नैवेद्यम बनाकर तैयार रखा जाएगा, जरूरत पड़ने पर और 6 हजार किलो की तैयारी रखी जाएगी। वहीं, रसोई गैस की कमी से नैवेद्यम लड्डू का उत्पादन प्रभावित नहीं होगा। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर ली गई है। गुजरात से दो बड़ा इंडक्शन चूल्हा मंगाया गया है। पिछले साल रामनवमी में 21 हजार किलो नैवेद्यम की बिक्री हुई थी। मंदिर के समीप से वीर कुंवर सिंह पार्क तक रहेगा काउंटर मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। भक्तों के लिए लोहे की बैरिकेडिंग, धूप से बचाव के लिए छावनी बनाई जा रही हैव विभिन्न जगहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएगी जिसमें लोग लाइव पूजा देख सकते हैं। पानी और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था, विभिन्न जगहों पर नैवेद्यम लड्डू काउंटर लगाया जाएगा। मंदिर के समीप से वीर कुंवर सिंह पार्क तक काउंटर रहेगा। इसके साथ ही सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है। सुरक्षा में सरकारी और प्राइवेट सुरक्षाकर्मियों की मदद ली जाएगी, जिससे कतार में लगे भक्तों की भीड़ को समुचित तरीके से नियंत्रित किया जा सके। रामनवमी के रोज कितने भक्त आए इसकी गिनती के लिए नई तकनीक लगाने की कोशिश हो रही है, जिससे हेड काउंट किया जा सके। रामनवमी के मौके पर नैवेद्यम की बढ़ जाती मांग महावीर मंदिर आने वाले भक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। पड़ोसी देश और आसपास राज्यों के भक्त भी बड़ी संख्या में आ रहे हैं। महावीर मंदिर आने वाले भक्तों में एनआरआई भी शामिल है। इसे देखते हुए ही इस साल ज्यादा प्रसाद तैयार किए जाएंगे। यह लड्डू तिरूपति बाला जी मंदिर के तर्ज पर तैयार किया जाता है और 1993 से यह लड्डू महावीर मंदिर में प्रसाद के रूप में मिल रहा है। महावीर मंदिर का नैवेद्यम लड्डू हनुमान जी को अर्पित किया जाने वाला एक पवित्र और लोकप्रिय प्रसाद है। रामनवमी जैसे मौके पर इसकी मांग बढ़ जाती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.