महेंद्रगढ़ जिले में धुलेंडी पर शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा होली और धुलेंडी के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। त्योहार की आड़ में असामाजिक तत्वों या शराबियों द्वारा कोई अनैतिक कार्य न किया जाए और पुरानी रंजिश निकालने जैसी घटनाओं को रोका जा सके, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों के सभी मंदिरों, मस्जिदों, अन्य धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करें। जिला में लगाए 19 नाके पीसीआर, ईआरवी और राईडर्स को निरंतर गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषकर होटलों, ढाबों, धर्मशालाओं, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और जहां भी होलिका दहन होगा, वहां कड़ी निगरानी रखी जाएगी। धुलंडी के अवसर पर जिले के विभिन्न गांवों में आयोजित होने वाले मेलों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही, जिले के महत्वपूर्ण स्थानों पर 19 विशेष नाके लगाए गए हैं। वाहन ड्राइवरों पर रहेगी नजर आमजन की सुरक्षा और त्यौहार को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग लगाने या होली खेलने के लिए मजबूर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। विशेष पेट्रोलिंग होगी राजमार्गों से गुजरने वाले वाहनों पर पानी के गुब्बारे या अन्य चीजें फेंकने की घटनाओं को रोकने के लिए गांवों के पास विशेष पैट्रोलिंग की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए बाजारों में पैदल गश्त के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता के लिए पुलिस बल रिजर्व रखा गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.