महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जहां देशभर के मंदिरों में देवों के देव महादेव की आराधना धूमधाम से होती है, वहीं कटिहार जिले के कोढ़ा थाना परिसर में स्थित शिव मंदिर अपनी अनोखी परंपरा के कारण खास पहचान रखता है.
यह करीब 30 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और नगरवासी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते है. महाशिवरात्रि की संध्या पर भव्य शिव बारात निकाली जाती है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं. बारात पूरे क्षेत्र का भ्रमण करती हुई थाना परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक पहुंचती है. इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की स्वर लहरियां और श्रद्धालुओं की जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठता है.
महाशिवरात्रि पर शिवधाम बनेगा कोढ़ा थाना
स्थानीय निवासी धीरेंद्र मेहता बताते हैं कि यह परंपरा पिछले तीन दशकों से निरंतर निभाई जा रही है. उनके अनुसार नगर पंचायत के लोग वर पक्ष की भूमिका में रहते हैं, जबकि आसपास के पंचायतों के लोग वधू पक्ष का दायित्व निभाते हैं. पूरे विधि-विधान से हल्दी, मेहंदी और शिव-पार्वती मिलन की रस्में अदा की जाती हैं. मंदिर परिसर में सामूहिक भोज का आयोजन भी होता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं। स्थानीय युवा रवि चौधरी कहते हैं कि बचपन में वे इस परंपरा को दर्शक के रूप में देखते थे, लेकिन अब स्वयं आयोजन का हिस्सा बनकर इसे आगे बढ़ा रहे हैं. उनके मुताबिक यह आयोजन सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक भी है, जहां पुलिस और जनता एक साथ आस्था के रंग में रंग जाते हैं.
थानाध्यक्ष निभाएंगे भगवान शिव की भूमिका
मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश गोस्वामी, जो 1985 से यहां सेवा दे रहे हैं, बताते हैं कि हर वर्ष महाशिवरात्रि पर भव्य आयोजन होता है. इस बार भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. वे स्वयं रस्मों के दौरान थानाध्यक्ष के भाई की भूमिका निभाते हैं और पूरे विधि-विधान से विवाह संस्कार संपन्न कराते हैं. इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि पुलिस प्रशासन और आमजन के बीच की दूरी यहां पूरी तरह मिट जाती है. वर्दी में कानून व्यवस्था संभालने वाले थानाध्यक्ष जब शिव रूप में सामने आते हैं, तो श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह चरम पर पहुंच जाता है.पूरा थाना परिसर सजावट, रोशनी और फूलों से सुसज्जित होकर किसी धार्मिक धाम जैसा दृश्य प्रस्तुत करता है. कुल मिलाकर, कटिहार का कोढ़ा थाना परिसर महाशिवरात्रि के मौके पर सिर्फ एक धार्मिक आयोजन का केंद्र नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत संगम बन जाता है. एक बार फिर इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ इस अनोखी परंपरा की साक्षी बनने को तैयार है.कोढ़ा थाना शिवधाम में बदलने को उत्सुक नजर आ रहा है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.