Mahashivratri 2026: महेश्वर के शिवालय में लगी कतारें, डेढ़ लाख भक्तों ने मां नर्मदा में लगाई आस्था की डुबकी
सनातन परंपराओं और धार्मिक आस्था की प्रतीक नगरी महेश्वर में महाशिवरात्रि पर्व पर मां नर्मदा नदी के तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के करीब तीन बजे से ही “हर-हर महादेव” और “नर्मदे हर” के जयघोष के साथ स्नान शुरू हुआ। शाम तक लगभग डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
शिवालयों में उमड़ी भक्तों की भीड़
पूरे दिन नगर शिवभक्ति में डूबा रहा। नर्मदा तट स्थित प्रमुख शिव मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। विशेष रूप से राजराजेश्वर मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, वृद्ध कालेश्वर, सिद्धनाथ शिवालय, मातंगेश्वर मंदिर तथा त्रिवेणी संगम स्थित कालेश्वर-जलेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं का निरंतर प्रवाह बना रहा। भक्तों ने दुग्ध, गन्ने के रस और नर्मदा जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। साधु-संतों की उपस्थिति ने धार्मिक वातावरण को और दिव्य बना दिया।
ये भी पढ़ें- श्री महाकालेश्वर में आस्था का सैलाब, दोपहर 2 बजे तक 2.50 लाख श्रद्धालुओं ने किए महाकाल के दर्शन

2 of 3
महेश्वर घाट पर उमड़े भक्त
– फोटो : अमर उजाला
अहिल्या घाट पर पार्थिव शिवलिंग पूजन
अहिल्या घाट पर होलकर वंश के शिवाजी राव होलकर द्वारा पारंपरिक पार्थिव शिवलिंग पूजन संपन्न हुआ। वेद मंत्रों के साथ शिवलिंग निर्माण, रुद्राभिषेक और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को सवा क्विंटल साबूदाना खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। हजारों श्रद्धालु इस दिव्य अनुष्ठान के साक्षी बने।
सेवा शिविरों में प्रसाद वितरण
महाशिवरात्रि पर नगरभर में लगभग 25 स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए। श्रद्धालुओं को साबूदाना खिचड़ी, आलू हलवा, शीतल पेय और अन्य प्रसाद वितरित किया गया। शिवभक्तों ने सेवा को ही भक्ति मानते हुए दिनभर सेवा कार्य जारी रखा।
ये भी पढ़ें- ओंकारेश्वर में भोलेनाथ के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए लंबी कतारें

3 of 3
महेश्वर घाट पर उमड़े भक्त
– फोटो : अमर उजाला
“सिंघाड़ा घेवर” की मांग
महाशिवरात्रि पर बनने वाला पारंपरिक मिष्ठान सिंघाड़ा आटे का घेवर श्रद्धालुओं को खूब पसंद आया। नगर में लगभग 30 क्विंटल घेवर की बिक्री हुई। यह विशेष मिठाई वर्ष में केवल इसी पर्व पर बनाई जाती है।
प्रशासनिक व्यवस्थाएं रहीं सुदृढ़
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की। नगर में पुलिस बल, राजस्व और जनपद अमले ने मोर्चा संभाला। पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई, जो पूरे दिन भरी रही। अधिकारियों की सतर्कता से पर्व शांतिपूर्ण रहा और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। श्रद्धालुओं ने सफल आयोजन के लिए प्रशासन एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें- मंदसौर के पशुपतिनाथ लोक में भक्तों का सैलाब, अष्टमुखी प्रतिमा का आकर्षक शृंगार
About the Author
Related
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.